हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने एचटेट परीक्षा-2024 के लिए आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को फॉर्म में सुधार का एक और मौका दिया है। बोर्ड अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश कुमार और सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने बताया कि पहले अभ्यर्थियों को ऑनलाइन नि:शुल्क शुद्धि का अवसर दिया गया था,
लेकिन अब उनके हित को देखते हुए सुधार का एक अतिरिक्त मौका ऑफलाइन माध्यम से दिया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी 9, 10 और 12 जून को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक बोर्ड कार्यालय, कमरा नंबर 28 (भिवानी) में पहुंचकर शुद्धि शुल्क जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त एचटेट परीक्षा-2024 के लिए पंजीकृत अभ्यर्थी यदि एचटेट का केवल अतिरिक्त लेवल (Level) अपने पंजीकरण में जोड़ना/बढ़ाना चाहते हैं तो ऐसे अभ्यर्थी 9 से 12 जून तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से फीस के अन्तर को जमा करवाते हुए ऑनलाइन कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को शुद्धि से संबंधित यह अन्तिम अवसर प्रदान किया गया है। इसके बाद किसी भी प्रतिवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी नवीनतम अपडेट के लिए वेबसाइट www.bseh.org.in का नियमित तौर पर अवलोकन करते रहें, ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण व अति-आवश्यक जानकारी/सूचना से वंचित ना रहें। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2024 लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन 26 व 27 जुलाई (शनिवार-रविवार) को करवाया जा रहा है। 26 जुलाई को लेवल-3 एवं 27 जुलाई को लेवल-2 व लेवल-1 की परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी।

