Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंजाब में गैंगस्टर्स की ऑनलाइन भर्ती: बंबीहा गैंग के नाम से FB पोस्ट; जुड़ने के लिए 77400-XXXX6 व्हाट्सऐप नंबर जारी किया

पंजाब में अब गैंगस्टर्स की ऑनलाइन भर्ती हो रही है।युवाओं को अपने गैंग के साथ जोड़ने के लिए बंबीहा गैंग ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर एक व्हाट्सऐप नंबर जारी किया है। सुल्तान दविंदर बंबीहा ग्रुप के अकाउंट से एक पोस्ट डाली गई है, जिसमें लिखा गया है कि जो भाई गैंग के साथ जुड़ना चाहते हैं, वह व्हाट्सऐप करें। 77400-13056 यह नंबर गैंगस्टरों द्वारा फेसबुक पर जारी किया गया है।

इस तरह गैंगस्टर सरेआम फेसबुक आदि पर नंबर जारी कर रहे हैं और पंजाब पुलिस गैंगस्टरवाद खत्म करने के दावे कर रही है, जो अब हवाहवाई दिख रहे हैं। गैंगस्टर अपने शोहरत का दिखावा अकसर फेसबुक आदि पर पोस्ट करके करते रहते है और वीडियो आदि बनाकर खुद को एक रोल मॉडल हीरो की तरह पेश करते हैं, ताकि नौजवान उन्हें देख कर आकर्षित हों और उनके साथ अपराध की दुनिया में जुड़ें।

बठिंडा पुलिस ने साल 2016 में गैंगस्टर दविंदर बंबीहा का रामपुरा फूल इलाके में एनकाउंटर किया था। पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया दविंदर बंबीहा शुरू से ही शार्प शूटर के नाम से जाना जाता था। यह गैंगस्टर पुलिस हिरासत से 17 माह से फरार था और अपने दुश्मनों को FB पर पोस्ट लिखकर मारने की धमकियां दे रहा था।

कुख्यात शूटर दविंदर सिंह बंबीहा व उसका साथी सर्वजीत सिंह उर्फ शरणी पंजाब सहित गुजरात व महाराष्ट्र की पुलिस के लिए वांटेड रहे हैं। इनके खिलाफ चाचा-भतीजा की हत्या करने सहित कई मामले दर्ज है। दोनों आरोपी 14 सितम्बर 2013 को दोहरे हत्याकांड में फरीदकोट में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हुए थे।

बंबीहा को फरीदकोट पुलिस ने 11 जून 2014 को लुधियाना में पकड़ा था। पुलिस व बंबीहा के बीच क्रॉस फायरिंग हुई थी, जिसमें बंबीहा की बाजू पर गोली लगी थी, लेकिन पुलिस ज्यादा देर बंबीहा को जेल में नहीं रख पाई।20 जनवरी 2015 को लुधियाना सेंट्रल जेल से मुक्तसर पेशी पर जाते हुए बंबीहा अपने 4 साथियों समेत फरार हो गया था। तब से बंबीहा पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। बताया जा रहा है कि बंबीहा के गुजरात व महाराष्ट्र में भी कई आपराधिक गैंग से संपर्क थे। बताया जा रहा है कि फिलहाल आर्मेनिया से बंबीहा गैंग दो गैंगस्टर ऑपरेट कर रहे है।

Exit mobile version