रोहतक के ओमेक्स सिटी सेक्टर-14 के रहने वाले राममेहर सिंह से 7 लाख 74 हजार रुपए ठग लिए। राममेहर सिंह ने बताया कि वह मिलिट्री इंजीनियरिंग से सेवानिवृत है। उनका मोबाइल नंबर बैंक खाता से जुड़ा है। एक खाता महम में है, जिसे रोहतक ट्रांसफर कराने के लिए 12 फरवरी को गूगल पर पंजाब नेशनल बैंक के कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया था। जिस पर बैंक खाता ट्रांसफर कराने के लिए बातचीत की। कॉल रिसीव करने वाले साइबर ठग ने अपने आप को बैंक अधिकारी बताया था।
साइबर ठग ने राममेहर से बैंक खाते की डिटेल मांग ली। साथ ही आधार कार्ड और एटीएम कार्ड की भी डिटेल ले ली। इस दौरान जल्द ही खाता ट्रांसफर करने का आश्वासन दिया। इसके बाद उनके पास एक ओटीपी आया। उन्होंने ओटीपी बता दिया। इसके बाद उनके खाते से 7 लाख 74 हजार रुपए कट गए। साइबर क्राइम थाना प्रभारी राजीव कुमार का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।

