Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ONLINE FROUD :रोहतक में दो के साथ हुई धोखाधड़ी; एक में दोस्त ने फोन मांगकर साथी के खाते से 93 हजार उड़ाए, दूसरे मामले में महिला से 40 हजार की ठगी

रोहतक में एक महिला सहित 2 लोगों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक से उसके साथी ने पहले मोबाइल फोन मांगा और फोन देने के बाद खाते से 93 हजार रुपए ठग लिए। जब एटीएम में बैलेंस चेक करने गया तो इस धोखाधड़ी का पता लगा। इधर, महिला के खाते से 40038 रुपए निकाले गए हैं।

पहला मामला :

रोहतक के महम निवासी परविंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त के साथ तिलकनगर के एक पीजी में पिछले करीब 6 माह से एक ही रूम में रहते हैं। उसके दोस्त ने उसका मोबाइल फोन 18 अप्रैल को कुछ समय के लिए लिया था। जो अभी तक वापस नहीं दिया है। वहीं अब उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।उसने बताया कि जब उसने दोस्त के घरवालों से बात की तो उन्होंने भी कोई जानकारी होने से मना कर दिया। दोस्त ने उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से 93 हजार रुपए निकाल लिए। जब परविंद्र एटीएम में बैलेंस चेक करने के लिए गया तो उसे पता लगा कि उसके अकाउंट में से 93 हजार रुपए निकालकर खाली कर दिया। जिसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी।

दूसरा मामला:

गांव दतौड़ निवासी निर्मला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका खाता दतौड़ के पंजाब नेशनल बैंक में है। 10 अप्रैल से 12 अप्रैल तक उसके खाते से 40 हजार 38 रुपए निकाले गए हैं। किसी ने धोखाधड़ी करके पैसे निकाले हैं। जब इस धोखाधड़ी का पता लगा तो पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

Exit mobile version