Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

online Fraud: खुद को स्कूल का मास्टर बता रोहतक के युवक से ठगे 92 हजार रुपए, खाते में रुपए डालने की बता, लिंक पर क्लिक कराया

रोहतक में एक शख्स से शातिर ठग ने स्कूल का मास्टर बताते हुए खाते में रुपए भेजने का लालच दे फर्जी लिंक द्वारा 92 हजार रुपए की ठगी कर ली। मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना आईएमटी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रोहतक के गांव मुंगाण निवासी दीपचंद ने पुलिस को बताया है कि वह गांव में फर्नीचर का काम करता है। उसके पास एक अनजान नंबर से आए फोन पर बोल रहे युवक ने कहा कि वह सरकारी स्कूल से मास्टर जागड़ा बोल रहा है। उसे कहीं से रुपए मिलने हैं, अपने फोन पे का नंबर दे दो। उन्होंने युवक की बातों में आकर उसे अपने बेटे का नंबर दे दिया।

आरोपी ने बेटे के फ़ोन पर एक लिंक भेजा। जिस पर बेटे ने क्लिक किया तो खाते से एक ही बार में 51387 रुपए कट गए। बेटे ने उससे पैसे कटने की बात कही तो उसने कहा गलती से कट गए होंगे, मैं दूसरा लिंक दे रहा हूं, उस पर क्लिक करिए। दूसरे लिंक पर भी बेटे ने क्लिक किया तो 18997 रुपए और कट गए। इसी तरह आरोपी ने बेटे को बहकाते-बहकाते कुल 92 हजार रुपए की चपत लगा दी।

शिकायतकर्ता दीपचंद ने बताया कि आरोपी ने पीछा छुड़ाने के लिए यह झूठा आश्वासन देकर फोन काट दिया कि शाम तक आपके रुपए वापस खाते में आ जाएंगे। शाम को फोन लगाया तो आरोपी का फोन बंद मिला। इसके बाद वह शिक्षक के घर गए तो शिक्षक ने कहा कि उन्होंने कोई फोन नहीं किया, किसी शातिर ने उनका नाम इस्तेमाल करके धोखा दिया है। मामले में थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जाएगी।

Exit mobile version