रोहतक के गांव घिलौड़ कलां निवासी महेंद्र सिंह ने आर्य नगर थाना में बैग काटकर एक लाख रुपए चुराने की शिकायत दी। शिकायत में बताया कि वह फौज से रिटायर्ड हैं। वहीं अब उन्होंने हिसार रोड पर गाड़ियों की सर्विस की दुकान की हुई है। उन्होंने बताया कि वह शुक्रवार को रोहतक के एसबीआई बैंक में आया था। इस दौरान उन्होंने चेक के माध्यम से अपने खाते से एक लाख रुपए निकाले और रुपयों को अपने बैग में रख लिया।
उन्होंने बताया कि पैसे निकालने के बाद वह अपनी पासबुक में एंट्री करवाने के लिए लाइन में लग गया। जब पासबुक में एंट्री करवाने के बाद जब पासबुक को बैग में डालने लगा तो पता चला कि उसका बैग तो कटा हुआ है। उस बैग से एक लाख रुपए भी गायब थे। इसके बाद घटना की सूचना बैंक के अधिकारियों को दी। वहीं शिकायत आर्य नगर थाने में दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि घर के लिए अनाज खरीदने, पशुओं का चारा खरीदने व बच्चों की फीस भरने आदि कामों के लिए यह एक लाख रुपए निकाले थे।

