Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 2 लड़कों की बेरहमी से हत्या: गला काटकर फेंका; एक ने 10वीं पास की थी, दूसरा 5 बहनों का इकलौता भाई

हरियाणा के कैथल से 2 लड़कों की गला काटकर हत्या का मामला सामने आया है। हत्या के बाद लाशें ड्रेन के पास फेंक दी गईं। परिजनों के मुताबिक दोनों रविवार शाम से लापता थे। पहले परिवार को लगा कि इनमें एक लड़का 10वीं के पास हो गया था तो उसकी खुशी मनाने गए होंगे। हालांकि देर रात घर न लौटने पर उनकी तलाश की गई। मोबाइल लोकेशन से परिजन ड्रेन के पास पहुंचे तो हत्याकांड का पता चला। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। दोनों की पहचान बरेटा गांव निवासी 15 वर्षीय प्रिंस पुत्र रोहताश और 16 वर्षीय अरमान पुत्र प्रीतम के रूप में हुई है। अरमान पांच बहनों को इकलौता भाई था।फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस कातिलों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

मृतक के परिजनों के मुताबिक प्रिंस और अरमान रविवार की शाम को साढ़े 4 बजे गांव के शिव मंदिर के पास देखे गए थे। इसके बाद घर आकर पशुओं को पानी पिलाया। यहां परिजनों ने दोनों को 5 बजे तक देखा। पशुओं को पानी पिलाने के बाद दोनों साथ ही घर से निकलते देखे गए। मगर, इसके बाद से उनका पता नहीं चला। परिजनों के मुताबिक प्रिंस का 17 मई को ही दसवीं का रिजल्ट आया था। इसमें वह पास हो गया था। दोनों के देर शाम तक घर नहीं लौटने पर सोचा कि पास होने की खुशी मनाने चले गए होंगे, आ जाएंगे। मगर, रात तक नहीं आए तो परिवार ने तलाश शुरू की। पूरा गांव छान मारा, लेकिन कोई पता नहीं चला। मोबाइल पर कॉल की गई तो वह भी नहीं मिला।

परिजनों के मुताबिक काफी देर तक तलाश करने के बाद दोनों के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई गई, जो 5 किलोमीटर दूर धनौरा तालाब के पास मिली। इसके बाद परिजन और बड़ी संख्या में गांव वाले धनौरा तालाब पहुंचे और दोनों बच्चों की तलाश की। यहां जगह तलाशा, लेकिन दोनों को पता नहीं चला। थक-हार कर सभी घर लौट आए।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार को सुबह फिर परिजन धनौरा तालाब के पास पहुंच गए और दोनों की तलाश की। रात को कैनाल के पास घने झुंड की तरफ नहीं देखा गया था तो सुबह सबसे पहले वहीं तलाश किया गया। इसी दौरान अरमान का शव पड़ा मिल गया। वह औंधे मुंह पड़ा था, उसकी गर्दन पर धारदार हथियार के गहरे जख्म थे। अरमान से करीब 15 फुट दूर प्रिंस का शव भी पड़ा मिला। उसके गले पर भी हथियार से वार कर हत्या की गई थी।

इसकी सूचना मिलते ही DSP वीरभान मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार के लोगों से मामले की जानकारी ली। सदर थाने के SHO मुकेश कुमार के अनुसार दोनों लड़कों की गर्दन पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। पुलिस ने उनके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हालांकि अभी तक कातिलों के बारे में कोई सूचना नहीं मिली है। पुलिस आरोपियों और हत्या के पीछे का मकसद पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस के मुताबिक अरमान और प्रिंस आपस में चाचा-भतीजा थे। दोनों के पिता भी खेती मजदूरी करते है। गांव में दोनों का बड़ा परिवार है। हम उम्र होने के कारण दोनों साथ ही रहते थे। स्कूल भी साथ आना जाना करते थे। अरमान अपनी पांच बहनों को इकलौता भाई था। दोनों किशोरों की हत्या के बाद से परिवार में गम का माहौल है।

Exit mobile version