हरियाणा के रेवाड़ी जंक्शन से एक डेढ़ साल की बच्ची रोती-बिलखती हुई मिली हैं। बच्ची कोई स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया। बच्ची की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उसे रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। वहीं दूसरी तरफ रेलवे पुलिस फोर्स स्टेशन पर लगे CCTV फुटेज खंगालने में जुटी हैं, जिससे बच्ची के परिजनों की जानकारी जुटाई जा सके।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात रेलवे पुलिस फोर्स के जवान रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे रेवाड़ी जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर फुटओवरब्रिज के समीप एक मासूम बच्ची रोती-बिलखती हुई नजर आई। आरपीएफ के जवानों ने तुरंत बच्ची को अपने कब्जे में लिया तथा जीआरपी को सूचना दी।
सूचना के बाद एसआई दयाराम व आरपीएफ कॉन्स्टेबल पूनम ने बच्ची के बारे में पूछताछ करने की कोशिश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।जीआरपी थाना प्रभारी रणबीर सिंह ने बताया कि बच्ची की तबीयत खराब होने की वजह से उसे तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बच्ची की तबीयत अब ठीक हैं। बच्ची की उम्र करीब डेढ़ साल है।
पुलिस के अनुसार बच्ची को कोई व्यक्ति स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गया, बच्ची को छोड़ने वाले की तलाश में स्टेशन के प्लेटफार्म और बाहर लगे तमाम CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार फुटेज में बच्ची के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति भी नजर आया हैं। पुलिस उसी आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हैं। जीआरपी ने इस संबंध में केस भी दर्ज कर लिया है।

