हरियाणा के रोहतक जिले में एक कंपनी ने 10 माह में रुपए दोगुना करने का झांसा देकर भाई-बहन से सवा लाख रुपए ठग लिए। जिसकी शिकायत पीड़ितों ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं एवं एक्ट में केस दर्ज कर उक्त ठगों के ठिकानों पर दबिश दी और सील कर दिया। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को दी शिकायत में मनीष राणा ने बताया कि वह गोहाना का रहने वाला है। उसकी पहचान रजनीश निवासी कथुरा जिला सोनीपत के साथ हुई थी। जिसने बताया कि उसने अपने दोस्त गुहना निवासी वीरेंद्र और कथुरा निवासी मंजीत के साथ मिलकर ग्रोवेस्ट ट्रेडिंग कंपनी के नाम से रोहतक के फेसेफिक माल में आफिस खोल रखा है।
उसने बताया कि वे रुपए को 10 माह में दोगुना करके वापिस करते है। इसलिए आप भी अपने पैसे हमारी कंपनी में हमारे पास जमा कर दो, हम आपके पैसे भी 10 माह में दोगुना कर देंगे। कंपनी की स्कीम के मुताबिक प्रत्येक 15 दिन में 1 लाख रुपए लगाने पर 6880 रुपए की किस्त आपको दो दी जाएगी। मनीष ने बहकावे में आकर 19 अगस्त को 1 लाख रुपए रजनीश और वीरेंद्र को उनके ऑफिस में जाकर कैश दिए। जिसकी रसीद मांगी तो उन्होंने कहा कि रसीद बाद में दे देंगे। 15 दिन बाद मनीष ने करीब 20 हजार रुपए दे दिए। जिससे उसका विश्वास बन गया।
इसके बाद मनीष ने अपनी बहन प्रीति निवासी बिघल के भी 50 हजार रुपए इस कंपनी में लगा दिए। 15 दिन बाद उसे भी 3442 रुपए कैश दे दिया। इसके बाद दोनों भाई-बहन इस कंपनी के ऑफिस के कई बार चक्कर लगाते रहे। हर बार रजनीश, वीरेन्द्र व मंजीत ने उन्हें 1- 2 दिन की कह कर टालते रहे। जिसके बाद उन्हें इन पर शक हुआ और मामले की शिकायत पुलिस को दी।
मामले की शिकायत मिलने के तुरंत बाद पुलिस एक्शन मोड़ में आ गई। पुलिस ने सोमवार देर शाम उक्त ऑफिस में रेड़ की। रेड़ में डीएसपी स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे। रेड़ के दौरान ऑफिस को सील कर दिया गया। मौके से अनेकों तरह के दस्तावेज कब्जे में लिए और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
