Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सप्ताह में एक दिन मनाएं ड्राई डे

रोहतक (Rohtak): उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि मानसून सक्रिय होने के साथ ही मच्छर भी पनपने लगते हैं, जिसके चलते अनेक बीमारियां भी दस्तक देती हैं। इन्हें रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष अभियान चला रहा है। डेंगू रोधी माह के तहत लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। पूरे जिले में घरों का सर्वे लगातार जारी है। अब तक हुई जांच के दौरान अब तक मिले लारवा के आंकड़ों के अनुसार शहरी क्षेत्र के लोग सबसे ज्यादा लापरवाही बरत रहे हैं।

जहां लार्वा मिला है, उन घरों के मालिकों को नोटिस दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू व चिकनगुनिया फैलाने वाला एडीज मच्छर दिन में काटता है और रुके हुए साफ पानी में पनपता है। इसकी रोकथाम के लिए जरूरी है कि लोग एक ड्राई डे मनाएं, पानी के सभी बर्तन, कूलर, टंकी, फ्रिज ट्रे, गमले आदि खाली करके सुखाएं।

उपायुक्त ने कहा कि अचानक तेज बुखार होना, तेज सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, आंखों के नीचे दर्द आदि डेंगू के लक्षण हैं। जोड़ों में दर्द व सूजन, कंपकंपी और ठंड के साथ बुखार व सिरदर्द चिकनगुनिया के लक्षण हैं। लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू और चिकनगुनिया की मुफ्त जांच उपलब्ध है। मच्छर जनित बीमारियों की जानकारी, सुझाव, शिकायत व बचाव के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी या जिला मलेरिया अधिकारी से संपर्क करें।

Exit mobile version