रक्षाबंधन के त्योहार पर आज बुधवार दोपहर 12 बजे के बाद महिलाएं रोडवेज बसों में फ्री यात्रा कर पाएंगी। रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टी भी रद्द कर दी गई है। वहीं रक्षाबंधन पर महिला सवारियों की संख्या बढ़ती है तो उसके अनुसार अतिरिक्त बसें चलाने की भी तैयारी की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि जिस रूट पर भी सवारियां अधिक होंगी। उस रूट पर बसों के फेरे बढ़ा दिए जाएंगे।रक्षाबंधन पर महिलाएं अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए जाती हैं। इसलिए आवागमन भी बढ़ता है। इसका सबसे अधिक बोझ बसों पर भी बढ़ता है।
सवारियां बढ़ने के कारण बसों में भीड़ होने की संभावना भी रहती है। सामान्य के मुकाबले सवारियों की संख्या में हुई बढ़ोतरी के चलते रोडवेज की अतिरिक्त व्यवस्था तक करनी पड़ती है। सरकार हर साल ही रक्षा बंधन पर महिलाओं की बसों में फ्री यात्रा करवाती है।
इस बार भी 10 अगस्त दोपहर 12 बजे से 11 अगस्त की रात 12 बजे तक निशुल्क यात्रा करने का लाभ दिया गया है। रोहतक बस स्टैंड के स्टैंड मास्टर जयवीर हुड्डा ने कहा कि रक्षाबंधन पर पूरा स्टाफ ड्यूटी पर रहेगा। सभी बसें चल रही हैं। जहां सवारियों की संख्या अधिक होगी, वहां पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।
