हरियाणा के यमुनानगर में 30 वर्षीय हरप्रीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक पोस्टमॉर्टम के बाद शव लेने से इनकार कर दिया है।
मृतका के भाई इंद्रजीत ने बताया कि 12 जुलाई को हरप्रीत की सास की तेरहवीं थी। इसी दौरान रिश्तेदारों के सामने उनकी बहन और मायके पक्ष का अपमान किया गया। उनका आरोप है कि बाद में हरप्रीत को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी गई।
‘मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मुझे मार देंगे’
इंद्रजीत के मुताबिक, घटना वाले दिन उनकी बहन बार-बार कह रही थी कि “मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मुझे मार देंगे।” रात करीब 10 बजे उन्होंने बहन को फोन किया, लेकिन उसने दो बार कॉल काट दी। बाद में उसने सिर्फ इतना कहा कि उसे बहुत नींद आ रही है और अगले दिन बात करेगी।
करीब 11 बजे हरप्रीत की बेटी ने वीडियो कॉल कर बताया कि उसकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें लगातार उल्टियां हो रही हैं।
‘अकेले आना, नहीं तो मैं फंस जाऊंगा’
भाई का आरोप है कि जब उन्होंने जीजा राजीव चौहान को फोन किया तो पहले कॉल नहीं उठाई गई। बाद में राजीव ने कहा, “तू अकेला ही आना, परिवार को मत लेकर आना। जो भी है हम संभाल लेंगे। गलती हो गई है, मैं फंस जाऊंगा, मेरे ऊपर एफआईआर हो जाएगी।”
इस बातचीत के बाद परिवार को शक हुआ और वे तुरंत यमुनानगर पहुंचे, जहां उन्हें हरप्रीत की मौत की जानकारी मिली।
मां ने सुनाई आखिरी बातचीत
मृतका की मां सुनीता ने बताया कि बेटी से उनकी आखिरी बात भी उसी रात हुई थी। हरप्रीत ने कहा था, “मां अपना ध्यान रखना… मैं ठीक हूं। कल बात करूंगी, अब मुझे बहुत नींद आ रही है।” इसके कुछ घंटों बाद ही उसकी मौत की सूचना मिली।
दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि वर्ष 2016 में शादी के बाद से ही हरप्रीत को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पति, दोनों ननदें और देवरानी उस पर मानसिक और शारीरिक अत्याचार करते थे। कई बार उसे और उसके दोनों बच्चों को भूखे पेट भी रहना पड़ता था।
परिजनों का कहना है कि पहले उसकी आंख पर चोट पहुंचाई गई, फिर बाजू काटने की कोशिश की गई। करीब डेढ़ महीने पहले उसकी बाजुओं पर उबलता पानी डाला गया था। एक सप्ताह पहले मारपीट में उसकी नाक भी तोड़ दी गई थी। कई पंचायतें होने के बावजूद प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर जगाधरी सदर थाना पुलिस ने पति राजीव चौहान, ननद डॉली, ननद रीतू और देवरानी नेहा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
नोट: मृतका के परिजनों ने हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही सामने आएगा।
