हरियाणा के सोनीपत जिले के शहर की जैन बाग कॉलोनी की रहने वाली महिला ने सिटी थाना की गोहाना रोड चौकी पुलिस को बताया कि उसकी शादी साल 2013 में हुई थी। उसका पति संजय दिल्ली पुलिस में काम करता है। इन दिनों नांगलोई थाने में तैनात है। पी‌ड़िता ने बताया कि वह घर में सिलाई सेंटर चलाती है। 2 बेटियां पैदा होने के बाद उसका पति, सास और ससुर उसे परेशान करने लगे। उसका आरोप है कि उसके साथ मारपीट की जाती थी और धमकी देते थे कि अब अगर बेटी हुई तो वह उसे तलाक दे देंगे। मई में उसने फिर से तीसरी बेटी को जन्म दिया तो पति व परिवार के लोगों ने उसकी बेटी को दिल्ली की किसी महिला को गोद दे दिया। उसके ससुराल पक्ष के लोग उसे धमकी देते हैं कि वह उनसे रुपये लेकर उनके बेटे को तलाक दे दें।

महिला का कहना है कि रविवार यानि 19 सितंबर को भिवानी के रहने वाले उसके मामा सुरेंद्र, ममेरा भाई केशव व जींद से उसकी मां सुमन उसकी ससुराल आई थी। उसी दिन पति व उसके सास-ससुर ने उसे पानी में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर मायके वालों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण परिजन उसे रोहतक के निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। मंगलवार को हालत में कुछ सुधार होने पर उसने पुलिस को बयान दर्ज करवाए। पुलिस ने महिला के बयान पर पति संजय, सास मधुबाला व ससुर जगदीश के खिलाफ हत्या के प्रयास व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस संबंध में आरोपी पति संजय ने आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि उस पर व उसके मां-बाप पर लगाए गए आरोप निराधार है। वह लड़का-लड़की में कोई भेद नहीं करता है। वह अभी अस्पताल में पत्नी की हालत देखने आया है। उसकी हालत में सुधार है। स्वस्थ हो जाने पर पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से बात कर गलतफहमी दूर की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!