रोहतक, 10 सितम्बर। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी के 14 सितम्बर को रोहतक शहर में प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए समय पर सभी तैयारियां व प्रबंध करना सुनिश्चित करें। अधिकारी आज से ही समारोह की तैयारियां शुरू करें।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार के साथ प्रशासन के उच्च अधिकारियों व विभागाध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 14 सितम्बर को स्थानीय सैनी शिक्षण संस्था के समारोह में शिरकत करेंगे। सभी संबंधित अधिकारी इस समारोह की तैयारियों को गंभीरता के साथ समय पर पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इस समारोह के मुख्य मंच की व्यवस्था की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि समारोह के लिए स्थानीय पुलिस लाइन में हेलीपेड भी विभाग द्वारा तैयार करवाया जाए। रोहतक के उपमंडलाधीश इस कार्यक्रम में संस्था के प्रतिनिधियों के साथ मुख्य मंच पर बैठने के प्रबंध करवाएं। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा इस कार्यक्रम की लाइव कवरेज के लिए हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन उपलब्ध करवाया जाए ताकि कार्यक्रम का निर्बाध रूप से प्रसारण किया जा सके।
सचिन गुप्ता ने कहा कि समारोह में अतिविशिष्ट व्यक्तियों के लिए शौचालय के प्रबंध किए जाए। पुलिस द्वारा समारोह के दौरान वाहनों की पार्किंग, सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन किया जाए। समारोह में साउंड सर्विस की गुणवत्ता की जांच की जाए।
बॉक्स :
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए अधिकारी करें तैयारियां पूर्ण : डीसी
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 17 सितम्बर को जिला में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इन सभी कार्यक्रमों में संबंधित विभागों द्वारा उन्हें सौंपी गई ड्यूटी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए निर्धारित समय तक सभी तैयारियां पूर्ण करवाए। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को को जिम्मेवारियां सौंपी। मुख्यमंत्री 17 सितम्बर को स्थानीय नई अनाज मंडी में भगवान विश्वकर्मा जयंती के राज्य स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर एएसपी वाईवीआर शशि शेखर एवं प्रतीक अग्रावल, सांपला के उपमंडलाधीश उत्सव आनंद, रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, नगर निगम के विशेष अधिकारी (स्वच्छता) प्रदीप कौशिक, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव विरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश अंकित कुमार, परिवहन महाप्रबंधक विपिन कुमार, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल सहित अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे तथा महम के उपमंडलाधीश मुकुंद तंवर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
सीएम के दौरा कार्यक्रम को लेकर डीसी व एसपी ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम को लेकर आज सांय उपायुक्त सचिन गुप्ता व जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। सैनी एजुकेशन सोसायटी के कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त सचिन गुप्ता व पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने संस्था के पदाधिकारियों को मंच, वीआईपी पार्किंग, पब्लिक पार्किंग व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। दोनों अधिकारियों ने अनाज मंडी का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला के एसडीएम उत्सव आनंद, एएसपी वाईवीआर शशि शेखर व प्रतीक अग्रावल, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
