Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सीएम नायब सैनी से मिले ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और सरबजीत सिंह

पेरिस ओलिंपिक में 2 मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर स्वदेश लौटीं हरियाणा की शूटर मनु भाकर आज चंडीगढ़ में हैं। यहां वह हरियाणा के CM नायब सैनी से मिलीं। उनके साथ ओलिंपिक की शूटिंग की स्पर्धा में जोड़ीदार रहे शूटर सरबजोत भी पहुंचे थे।

इन दोनों खिलाड़ियों का CM ने स्वागत कर सम्मानित किया और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए उत्साहवर्धन किया। साथ ही CM ने दोनों खिलाड़ियों को खेल विभाग में डिप्टी डायरेक्टर बना दिया है। दोनों खिलाड़ियों ने CM का ऑफर स्वीकार भी कर लिया है।

इसके अलावा मनु भाकर ने चंडीगढ़ में ही पंजाब के CM भगवंत मान से भी उनके निवास पर मुलाकात की। मनु के साथ उनके परिजन भी रहे। दोनों CM से मिलने के बाद मनु ने अपनी प्रसन्नता जाहिर की।

खेल मंत्री संजय सिंह ने बताया है कि चंडीगढ़ में मनु अपने परिजनों के साथ हरियाणा CM नायब सैनी से मिलने पहुंची थीं। यहां CM ने उनका स्वागत किया। उनके साथ अंबाला के शूटर सरबजोत सिंह भी अपने परिजनों के साथ पहुंचे थे। यहां बातचीत के दौरान CM सैनी ने दोनों खिलाड़ियों को डिप्टी डायरेक्टर बनने की पेशकश की।

सरकार के इस ऑफर को दोनों खिलाड़ियों ने हंसकर स्वीकार कर लिया। उन्होंने हरियाणा की खेल पॉलिसी की तारीफ की। हरियाणा के सभी ओलिंपिक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए 17 अगस्त को रोहतक में कार्यक्रम होगा। पॉलिसी के आधार पर जो भी सुविधाएं विजेता खिलाड़ियों को मिलती हैं, वह उन्हें दी जाएंगी।

Exit mobile version