Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

राहुल गांधी पर ओलिंपियन योगेश्वर दत्त का अटैक:बोले-अखाड़े में राजनीति करने आए; पहलवान अब राजनेता हो गए, सब मोदी को हटाने में लगे

कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी बुधवार को हरियाणा में झज्जर के छारा गांव स्थित पहलवान बजरंग पूनिया के अखाड़े पर आए। यहां उन्होंने पहलवानों संग समय बिताया। हरियाणा कुश्ती संघ के महासचिव के बाद अब ओलिंपियन मेडलिस्ट पहलवान एवं भाजपा नेता योगेश्वर दत्त भी उनके दौरे पर भड़क गए हैं। योगेश्वर दत्त ने कुश्ती के राजनीति करण की बात कही है।

दरअसल छारा में बुधवार को राहुल गांधी ने बजरंग पूनिया, कोच वीरेंद्र आर्य सहित जूनियर पहलवानों से मुलाकात की। यहां उन्होंने खुद भी कुश्ती की। साग-रोटी खाई और खिलाड़ियों को अभ्यास करते हुए देखा। हालांकि इस बीच राहुल गांधी का कोई भी बयान सामने नहीं आया।

योगेश्वर दत्त ने इसको लेकर कहा कि “अब आंदोलनकारी पहलवान भी रेसलर्स नहीं रहे, वे राजनेता हो गए हैं। कांग्रेस के साथ मिलकर सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी को बदलने के लिए काम और प्रयास कर रहे हैं”।

बीजेपी नेता योगेश्वर दत्त ने कांग्रेस के नेताओं पर कुश्ती का राजनीति करण करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय कुश्ती संघ की नई कार्यकारिणी सस्पेंड होने के बाद भी अवॉर्ड वापस हो रहे हैं, यह क्या हो रहा है?।

शुरू से ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा पहलवानों को लेकर वोट की राजनीति करते आ रहे हैं। दत्त ने कहा कि राहुल गांधी पहलवानों से मिले अच्छी बात है, मगर उनको पहलवान अब याद आए हैं, जब कुश्ती फेडरेशन भंग की जा चुकी है। इसमें सिर्फ राजनीति की जा रही है।

वहीं, बृजभूषण के मामले में योगेश्वर ने कहा कि वह 11 साल तक अध्यक्ष रहे, तब किसी ने कुछ नहीं बोला। जब उनका कार्यकाल खत्म हुआ तो यह सब आरोप लगे हैं। लेकिन अगर अब आरोप लगा भी दिए है, तो वह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय का फैसले का इंतजार पूरा देश कर रहा है।

उन्होंने कहा कि एक साल से कुश्ती की कोई भी प्रतियोगिता नहीं हुई है। इससे सिर्फ कुश्ती खिलाड़ियों का नुकसान हुआ है। जूनियर खिलाड़ियों की उम्र निकल गई, उनका जिम्मेदार कौन है। खासकर हरियाणा के पहलवानों का नुकसान हुआ है। कुश्ती के अखाड़े को राजनीति के अखाड़े में कांग्रेस ने तब्दील कर दिया है।

Exit mobile version