Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में बदली जाएगी पुरानी पेयजल पाइपलाइन:1059 लाख हुई मंजूर, DC ने अधिकारियों से दूषित पानी पर की ली रिपोर्ट

रोहतक के DC अजय कुमार ने कैंप कार्यालय में पेयजल को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। जिसमें पेयजल से संबंधित समस्याओं का जल्दी से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने नक्शे के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में की जाने वाली पेयजल आपूर्ति के बारे में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से रिपोर्ट ली।

डीसी अजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा के अनुरूप पुरानी पेयजल पाइप लाइन को बदला जाएगा। इस पाइप लाइन के बदलने से नगर की आधा दर्जन से भी अधिक कॉलोनियों के लोगों को लाभ पहुंचेगा। इन कॉलोनियों में डीएलएफ, मॉडल टाउन, रूप नगर, अंबेडकर कॉलोनी, एकता कॉलोनी, शीतल नगर, अजीत कॉलोनी, टेक नगर, वार्ड 4 व वार्ड 5 आदि शामिल हैं।

पेयजल पाइप लाइन बदलने के लिए 1059 लाख रुपए का एस्टीमेट जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार किया गया है। एस्टीमेट पास हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। डीसी ने दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत के बारे में भी जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जवाब तलब किया और दिशा-निर्देश दिए।नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बैठक में सीवर पाइप लाइन की सफाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों की मरम्मत के लिए निर्देश जारी किए। साथ ही जवाहर लाल नेहरू कैनाल से जलघर तक पानी की आपूर्ति करने के लिए खुला नाला बनाया गया है। इस नाले को कुछ लोग दूषित करने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

रैनकपुरा क्षेत्र में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए उपायुक्त अजय कुमार ने बैठक के उपरांत मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में पुरातत्व विभाग से अनुमति लेने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी, ताकि जल्द ही बूस्टर स्थापित किया जा सके। इसके अलावा बूस्टर के लिए वैकल्पिक स्थान का भी जायजा लिया।

जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पेयजल आपूर्ति के लिए पर्याप्त स्टोरेज है और जिन क्षेत्रों से आपूर्ति से संबंधित शिकायत आती है। वहां पर पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि रैनकपुरा, कबीर कॉलोनी, पाड़ा मोहल्ला, आईडीसी कॉलोनी, श्याम कॉलोनी आदि क्षेत्रों में औसतन रोजाना 70 पेयजल टैंकर भेजे जा रहे हैं।

Exit mobile version