Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मंडियों का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ करें अधिकारी, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश: उपायुक्त सचिन गुप्ता


रोहतक, 16 जून : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे आगामी सीजन से पूर्व जिला की सभी मंडियों में आधारभूत ढांचा को सुदृढ़ करें। अधिकारी आवश्यकता अनुसार जिला की मंडियों व खरीद केंद्रों का विस्तार करने के लिए भी आवश्यक कार्यवाही करें।
सचिन गुप्ता स्थानीय कैंप कार्यालय में सरकारी खरीद एजेंसियों, मार्केट कमेटियों तथा हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बैठक में जिला की चारों मंडियों रोहतक, महम, सांपला व कलानौर में आधारभूत ढांचा की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इन मंडियों में सडक़ों, सीवर, स्टॉर्म वाटर, ड्रेन, डिजिटल धर्मकांटे, जल निकासी के प्रबंध, मंडियों में पंप की उपलब्धता, लाइटें तथा मंडी व खरीद केंद्रों का विस्तार आदि के बारे में आवश्यकता अनुसार कार्यवाही की जाये।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि रोहतक मंडी में 1.3 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल पाइप लाइन डाली जायेगी, जिसका कार्य आगामी शुक्रवार को आरंभ होगा। उन्होंने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इस कार्य को एक माह में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करवाये। उन्होंने कहा कि आगामी सीजन से पूर्व जिला की सभी मंडियों में डिजिटल धर्मकांटे स्थापित किये जाये। उन्होंने अधिकारियों के साथ चारों मंडियों एवं खरीद केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार की समीक्षा की तथा इनके विस्तार बारे भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
सचिन गुप्ता ने कहा कि अधिकारी सभी मंडियों में दुकानदारों से बैठक कर प्रत्येक दुकान के लिए अग्निशमन यंत्र अनिवार्य करवाये। उन्होंने कहा कि मार्केट कमेटी कार्यालयों में भी लगभग 10 से 15 अग्निशमन यंत्र उपलब्ध करवाये ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि गत 9 जून को डी पार्क बाजार में आग से हुए जान-माल के नुकसान के दृष्टिïगत सभी दुकानों में अग्निश्मन यंत्र रखना सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिये कि वे सभी पेट्रोल पंपों एवं सार्वजनिक वितरण की सरकारी दुकानों पर भी अग्निश्मन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाये।
सचिन गुप्ता ने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे बोर्ड की तीन सडक़ों पर साढ़े 4 करोड़ रुपये की लागत से जारी विशेष मरम्मत के कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा मॉनसून सीजन शुरू होने तक पूर्ण करवाये। बोर्ड द्वारा जिला में 8 सडक़ों की विशेष मरम्मत पर लगभग 8 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जायेगी, जिसके लिए निविदाये आमंत्रित की गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड की जिला में ग्रामीण क्षेत्रों में 767.6 किलोमीटर लंबी 153 सडक़ें हैं। उन्होंने कहा कि बोर्ड द्वारा सभी सडक़ों की आवश्यकता अनुसार समय-समय पर मरम्मत व पैच वर्क इत्यादि करवाया जाये।
इस अवसर पर हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के कार्यकारी अभियंता विशाल मिश्रा, हैफेड के जिला प्रबंधक कृष्ण कुमार, हरियाणा राज्य वेयरहाऊसिंग कार्पोरेशन के जिला प्रबंधक रोहताश दहिया, रोहतक मार्केट कमेटी के सचिव दीपक लोहचब, महम मार्केट कमेटी के सचिव डॉ. दीपक कुमार, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा, सहायक श्रम आयुक्त राहुल, एएफएसओ अशोक कुमार, खनन अधिकारी गौतम कुमार के अलावा नगर निगम से मनदीप सिंह, सांपला मार्केट कमेटी के सहायक सचिव प्रदीप कुमार, श्रम निरीक्षक धीरेश्वर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version