हरियाणा में रविवार को सूर्य देव के तेवर कुछ नरम पड़े, लेकिन रात अब तपने लगी है। प्रदेश में औसतन दिन के तापमान में कोई बड़ा फेर बदल नहीं हुआ, लेकिन रात का पारा 2.4 डिग्री तक बढ़ गया। सिरसा की रात 28.5 डिग्री पारे के साथ सबसे गर्म रही। यहां न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री पर जा पहुंचा है।

सोमवार को हरियाणा के 10 जिलों के लिए धूल भरी आंधी और गरज चमक का येलो अलर्ट आईएमडी चंडीगढ़ की ओर से जारी किया गया है। इन जिलों में कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद और जींद शामिल है।

अधिकतम तापमान की बात करें तो महेंद्रगढ़ शनिवार को 45.1 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा था, आज वहां का तापमान 3.6 डिग्री तक गिर कर 41.5 पर आ गया। शाम के समय रेवाड़ी, नारनौल और महेंद्रगढ़ में धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी भी हुई। यहां देर रात तक ओलावृष्टि और आंधी, बारिश का ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है।

प्रदेश में रविवार को 42.5 डिग्री पारा के साथ मेवात सबसे गर्म रहा। हालांकि कल के मुकाबले तापमान में यहां 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हिसार शहर भी संडे को खूब तपा। यहां का अधिकतम तापमान 42.4°C दर्ज किया गया। शहर में यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अगले 3 दिन तक हरियाणा में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके बाद कोई बड़ा फेरबदल नहीं होगा।

हरियाणा में 24 घंटे के दौरान तापमान के उतार चढ़ाव पर गौर करें तो यहां की रातें अब गर्म हो गई हैं। 24 घंटे में यहां रात के तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सिरसा में शनिवार रात को न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। वहीं गुरुग्राम में रात का तापमान सबसे कम 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार रात को प्रदेश के 10 के करीब जिलों में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से अधिक रहा। यह सामान्य से ज्यादा आंका जा रहा है।

अंबाला और यमुनानगर में जहां अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई है, वहीं प्रदेश के अन्य सेंटरों में पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 4 सेंटरों में तो तापमान 2 डिग्री से ज्यादा तक गिरा है। इनमें महेंद्रगढ़ में 3.6 डिग्री, नारनौल में 2.5 डिग्री, फतेहाबाद में 2 डिग्री, बालसमंद (हिसार) में 3.1 डिग्री तापमान गिरा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!