Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी की मां ने कीटनाशक निगला; हुई मौत- खड़े हुए कई सवाल, 4 महीने पहले लेडी डॉन से हुई शादी

हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर काला जठेड़ी की मां की बुधवार को मौत हो गई। गैंगस्टर की मां ने घर में गलती से जहरीला पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और परिजन निजी अस्पताल से शव को सिविल अस्पताल ले गए। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है।

परिजनों ने पुलिस को बताया है कि जठेड़ी की मां कमला पिछले काफी समय से बीमार थी। वह जठेड़ी की शादी में भी बीमार ही थी। बुधवार को वह प्लाट पर थी। दवा का समय हो गया था।बीमारी के चलते उसने धोखे से दवाई समझकर कीटनाशक दवा खा ली थी। जिससे उसकी मौत हो गई।

काला जठेड़ी फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। उस पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में 30 से ज्यादा मामले दर्ज है। इनमें हत्या, फिरौती, रंगदारी, हत्या का प्रयास जैसे मामले शामिल है। काला जठेड़ी को 30 जुलाई 2021 को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। उस पर दिल्ली पुलिस ने महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) लगाया हुआ है।

काला जठेड़ी को लॉरेंस बिश्नोई का खास माना जाता है। वह हरियाणा में सोनीपत जिले के जठेड़ी गांव का रहने वाला है। लंबे समय से अपराध जगत से जुड़े संदीप उर्फ काला जठेड़ी पर पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले 7 लाख रुपए का इनाम रखा हुआ था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अलावा कई राज्यों की पुलिस उसे ढूंढ रही थी। हालांकि उसे स्पेशल सेल ने ही गिरफ्तार किया था।

फरारी के दौरान उसने ही लॉरेंस गैंग को संभाला हुआ था। दिल्ली समेत 4 राज्यों में इस गैंग का वर्चस्व है। लॉरेंस बिश्नोई तब सुर्खियों में आया था, जब 2018 में उसने बॉलीवुड स्टार सलमान खान को मारने की धमकी दी थी। फरीदाबाद पुलिस ने लॉरेंस गैंग के शूटरों को गिरफ्तार किया था, जो मुंबई में सलमान के घर की रेकी करके आए थे।

​​काला जठेड़ी ने लेडी डॉन (मैडम मिंज) अनुराधा चौधरी से 12 मार्च को दिल्ली के द्वारका स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी की थी। यहां शादी की सभी रस्में पूरी की गईं। इसके बाद जठेड़ी को पुलिस सुरक्षा में वापस दिल्ली की तिहाड़ जेल भेज दिया गया। 12 मार्च को शादी और 13 मार्च को हरियाणा के सोनीपत जिले में गृह प्रवेश समारोह में शामिल होने के लिए काला जठेड़ी को कोर्ट ने कस्टडी पैरोल दी थी।

Exit mobile version