Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में यूट्यूबरों को फ्लैट खाली करने के नोटिस:युवक-युवती के 7वीं मंजिल से कूदने के बाद एसोसिएशन का फैसला; यहीं शॉर्ट मूवी बनाते थे

हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित रुहिल रेजीडेंसी सोसाइटी में यूट्यूबर युवक-युवती द्वारा सातवीं मंजिल से कूदकर सुसाइड करने के बाद सोसाइटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) हरकत में आई है। सोसाइटी में रहने वाले अन्य यूट्यूबर्स को फ्लैट खाली करने के लिए नोटिस दिया गया है। सोसाइटी में इस वक्त कई यूट्यूबर रहते हैं। ये यूट्यूबर शॉर्ट मूवी भी यहीं बनाते हैं।

रुहिल रेजीडेंसी में 5 महीने पहले बहादुरगढ़ निवासी ईशान और रेवाड़ी जिले के कोसली निवासी कपीश ने फ्लेट B-701 किराए पर लिया था। उनकी बजाए यहां 4 लड़के और 2 लड़कियों सहित 6 कलाकार रह रहे थे। इनमें देहरादून निवासी नंदिनी (22) और गर्वित (25) करीब 25 दिन पहले रहने आए थे।

13 अप्रैल की सुबह नंदिनी और गर्वित ने सातवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद B-701 में रहने वाले अन्य यूट्यूबर फ्लैट खाली करके चले गए थे।

सोसाइटी के लीगल एडवाइजर के मुताबिक, रुहिल रेजीडेंसी में जाने-माने यूट्यूबर मंदीप, सोनिका, झबरू काला भी रहते हैं और छोटी-छोटी मूवी बनाते हैं। इस घटना के बाद यहां रहने वाले अन्य कलाकारों को भी फ्लैट खाली करने के नोटिस दिए गए हैं। जल्द ही फ्लैट खाली कराए जाएंगे।

नंदिनी और गर्वित में झगड़ा हुआ ये बात तो पुलिस के सामने आ गई, लेकिन झगड़ा किस बात को लेकर हुआ, इसे न तो पुलिस समझ पाई और न ही परिजन। गर्वित और नंदिनी दोनों 4 साल से एक साथ रह रहे थे। वे पहले मुंबई में रहते थे। नंदिनी ने वेब शो में भी काम किया था। देहरादून में दोनों के घरों में 10-12 किलोमीटर की दूरी है।

Exit mobile version