Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में प्रॉपर्टी टैक्स को लेकर 200 मालिकों को नोटिस:एक माह में 9.13 करोड़ रुपए जमा हुए

रोहतक में नगर निगम प्रॉपर्टी टैक्स वसूल करने के लिए सख्त कदम उठा रहा है। निगम की तरफ से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 28 करोड़ रुपए का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से पिछले 4 माह में 12.45 करोड़ रुपए निगम में जमा करवाए गए है। बाकी प्रॉपर्टी टैक्स दाताओं से वसूली के लिए योजना बनाई जा रही है।

नगर निगम का 50 करोड़ रुपए से अधिक का टैक्स वसूल करना अभी बाकी है, जिसके लिए व्यापक रूप से योजना बनाई जा रही है। ऐसे प्रॉपर्टी मालिकों की लिस्ट तैयार की गई है, जिनका एक लाख रुपए से अधिक का टैक्स बकाया है। नगर निगम ने 200 प्रॉपर्टी चिंहित करते हुए उनके मालिकों को नोटिस भी भेज दिया है।

नगर निगम में एक अप्रैल से लेकर 31 जुलाई तक यानि पिछले 4 माह में 12.45 करोड़ रुपए जमा हुए है। वहीं, फायर टैक्स 93.69 लाख और यूजर चार्ज 2.21 करोड़ रुपए से अधिक जमा हुआ है। अकेले जुलाई माह में 9.13 करोड़ रुपए का टैक्स जमा करवाया गया है। जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की बात करें तो पूरे साल में केवल 11.84 करोड़ रुपए की टैक्स जमा हुआ था।

नगर निगम की तरफ से प्रॉपर्टी टैक्स के डिफाल्टरों की लिस्ट बनाई गई है, जिनको पहले नोटिस दिया गया। नोटिस के बाद भी टैक्स जमा नहीं करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम टीम ऐसे डिफाल्टरों की संपत्ति को सील कर रही है, ताकि प्रॉपर्टी टैक्स जमा हो सके। इसमें कुछ हद तक निगम कामयाब भी हो रहा है।

नगर निगम क्षेत्र की बात करें तो कुल 2.25 लाख के करीब प्रॉपर्टी आईडी है। इनमें खाली प्लाट करीब एक लाख, रिहायशी क्षेत्र में मकान करीब 80 हजार, वाणिज्यिक करीब 30 हजार और संस्थागत करीब 15 हजार है। इनसे टैक्स वसूल करके निगम क्षेत्र में विकास के कार्य करवाए जाते हैं।

नगर निगम मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स वसूली के लिए योजना तैयार की गई है। डिफाल्टरों की लिस्ट तैयार करते हुए नोटिस दिए गए है। इसके बाद भी टैक्स जमा नहीं करवाने वालों की संपत्ति को सील किया जा रहा है। कानून के दायरे में रहते हुए निगम कार्रवाई कर रहा है।

नगर निगम कमिश्नर डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। अब तक 4 माह में 12.45 करोड़ रुपए टैक्स जमा हो चुका है, जो पिछले साल से करीब 61 लाख रुपए अधिक है। निगम की तरफ से जो लक्ष्य रखा गया है, उस तक पहुंचने के लिए निगम ने योजना बना ली है। निगम की तरफ से सीलिंग कार्रवाई भी चल रही है।

Exit mobile version