Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नियम 134A को लेकर दिया 258 प्राइवेट स्कूलों को नोटिस- आज दाखिला नहीं दिया तो कल मान्यता रद्द के लिए निदेशालय को लिखेगा शिक्षा विभाग

हरियाणा के करनाल जिले के 258 प्राइवेट स्कूलों ने आज नियम 134A के तहत दाखिला नहीं दिया तो कल मान्यता रद्द के लिए निदेशालय को लिखा जाएगा। जिला शिक्षा विभाग ने बुधवार को स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी करके 3 दिन का समय दिया था। लेकिन 2 दिन बीतने के बाद भी स्कूलों ने दाखिला नहीं दिया। अब स्कूलों के पास आज का ही समय बचा है। यदि वे विद्यार्थियों को एडमिशन नहीं देगें तो इन स्कूलों की मान्यता रद्द करने के लिए शिक्षा विभाग को पत्र लिखा जाएगा।

पिछले एक माह से अभिभावक निजी स्कूल व बीईओ कार्यालय के धक्के खा रहे है। जिले में 283 स्कूलों में पहले ड्रॉ के तहत 2 हजार 765 विद्यार्थियों को एडमिशन दिया जाना था। लेकिन अभी तक 580 विद्यार्थियों के एडमिशन हो पाए हैं। जबकि 65 विद्यार्थियों को आवेदन में कमी के कारण रिजेक्ट कर दिया गया। अभी भी जिले में 2 हजार 120 विद्यार्थियों को एडमिशन दिया जाना बाकी है।

नियम 134ए के तहत विद्यार्थियों के पास एडमिशन के लिए मात्र 3 दिन शेष रह गए हैं। जबकि शिक्षा विभाग तीन बार पहले भी ड्रॉ की तारीख बढ़ा चुका है। जो पहले 31 दिसंबर, 7 जनवरी, 15 जनवरी की है। विभाग दोबारा से पहले ड्रॉ की तारीख बढ़ा सकता है। क्योंकि अभी भी जिले में हजारों विद्यार्थियों को नियम 134ए के तहत एडमिशन नहीं मिल पा रहा है। अभिभावक निजी स्कूलों में जाकर एडमिशन दिलाएं।

जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा की जानकारी के अनुसार अभिभावक निजी स्कूलों में जाकर अपने बच्चों को एडमिशन दिलाएं। यदि कोई स्कूल एडमिशन नहीं देगा तो शिक्षा विभाग को स्कूलों की मान्यता रद्द करने के लिए लिखा जाएगा। निजी स्कूल बच्चों के जो डॉक्यूमेंट मान्य हैं, वही लें। अधिक डॉक्यूमेंट की मांग न करे। अभिभावकों को एडमिशन के नाम पर परेशान न किया जाए।

Exit mobile version