Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोशल मीडिया पर कोई चीज डिलीट नहीं होती, सोच-समझकर डालें जानकारी : एएसपी

रोहतक। एएसपी प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर डाली गई कोई भी जानकारी डिलीट करने बाद भी खत्म नहीं होती। ऐसे कई उपाय हैं, जिनके जरिये इन्हें निकाला जा सकता है। लिहाजा, यहां फोटो या निजी जानकारी सोच-समझकर ही डालें। इसका कोई गलत इस्तेमाल भी कर सकता है।
बुधवार को एएसपी प्रतीक अग्रवाल ने यह सलाह फाउंडेशन की ओर से महिला थाने में दोस्त पुलिस कार्यक्रम में आमंत्रित शहीद कैप्टन दीपक शर्मा पीएमश्री मॉडल संस्कृति राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को दी। छात्राओं ने थाने की गतिविधियों को भी जाना।

एएसपी ने कहा कि पुलिस की समाज में छवि डरावनी है। हकीकत में ऐसा नहीं है। ऐसी धारणा तोड़ने में दोस्त पुलिस जैसे आयोजन बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। आज की यही जरूरत भी है। यहां महिला थाने में कई बार पुलिस की वर्दी के बजाय आम कपड़ों में ही पीड़ितों से बात की जाती है।
उन्हें थाने बुलाने के बजाय उनके घर जाकर शिकायत पूछी जाती है। थाने भी पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस और साफ-सुथरे हो चुके हैं। यहां 24 घंटे पुलिस मदद के लिए मिलती है। डीएसपी दिलीप सिंह ने भी छात्राओं को सोशल मीडिया पर गैरजरूरी अकाउंट बनाने से बचने की सलाह दी।
बाल विवाह निषेध अधिकारी करमेंदर कौर ने घरेलू हिंसा और पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। शिक्षक डॉ. नीलम ने कहा कि वह पहली बार थाने आई हैं। यहां कई बातें सीखने को मिलीं। पुलिस का दोस्ताना अंदाज अच्छा लगा। इस मौके पर शिक्षक सुनील दहिया, पीएसआई भारती भी मौजूद रहीं।

अक्सर कुछ लड़के सड़क पर आते-जाते फब्तियां कसते हैं। उन पर किस तरह की कार्रवाई होगी। -शहनाज
गलत कमेंट करना अपराध है। इसे सहने के बजाय शिक्षक या परिवार को बताएं। हमें सूचना दें। पुलिस ऐसे लोगों पर कार्रवाई करेगी।

सोशल मीडिया पर कोई हमारी फोटो लगाकर गलत इमेज बनाए तो क्या करें। – सिमरन
जैसे ही कोई ऐसा करे, तुरंत स्क्रीनशॉट लेकर पुलिस को शिकायत करें। आरोपी का पता लगाकर कार्रवाई करेंगे। वैसे, सोशल मीडिया से जितना दूर रहें, उतना अच्छा है।

शीला बाईपास के पास कूड़ा डालने से पशु जुट जाते हैं। इससे सड़क हादसे होते हैं। – अनामिका
नगर निगम कूड़ा उठाता है लेकिन आम लोगों को भी वहां कूड़ा नहीं डालना चाहिए। कूड़ा नहीं होगा तो पशु नहीं आएंगे। हादसे भी रुकेंगे।

Exit mobile version