Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने बढ़ाई ठंड:हिसार सबसे ठंडा, सिरसा देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर, AQI 500 तक पहुंचा

पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण मैदानी इलाके ठंडे हो रहे हैं। हिसार में लगातार ठंड बनी हुई है। यहां बालसमंद का तापमान 7.4 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, प्रदेश के अधिकतर शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है।

वहीं, हरियाणा में प्रदूषण की स्थिति भी ठीक नहीं है। पूरे देश के प्रदूषित शहरों में सिरसा दूसरे स्थान पर है। सिरसा में अभी तक पराली जलाने के मामले सामने आ रहे हैं, क्योंकि यहां पर पछेती धान की बुआई होती है। सिरसा का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 342 पर पहुंच गया।

वहीं, अधिकतम AQI 500 दर्ज किया गया है। सिरसा और गुरुग्राम में PM 10 खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इसके अलावा जींद में AQI 482, गुरुग्राम में AQI 500 पर पहुंच गया है। हरियाणा के 10 शहरों में औसत एक्यूआई 200 से 300 के बीच है। खराब श्रेणी में पहुंचने के कारण प्रशासन की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं।

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 2 दिसंबर तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की गति से चलने वाली उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण 30 नवंबर तक रात्रि तापमान में मामूली गिरावट व सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है।

लेकिन 30 नवंबर की रात्रि से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण हवाओं के रुख में बदलाव की संभावना है, जिसके कारण हल्की गति से उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है, जिसके कारण 1 व 2 दिसंबर को प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने व वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने की संभावना है,

वहीं सुबह व रात के समय कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। इस दौरान रात्रि तापमान में मामूली बढ़ोतरी व दिन के तापमान में मामूली गिरावट की संभावना है।

Exit mobile version