Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज से राज्यसभा सीट के लिए नामांकन: BJP-कांग्रेस दोनो के पास बराबर विधायक– अभी तक नहीं हुई उम्मीदवारों की घोषणा

रोहतक लोकसभा सीट से दीपेंद्र हुड्‌डा के सांसद बनने के बाद खाली हुई राज्यसभा सीट के लिए आज से नामांकन शुरू हो चुके हैं। हालांकि इस सीट के लिए ज्अभी तक भाजपा और कांग्रेस ने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इस सीट पर वोटिंग के लिए सत्ता पक्ष यानी भाजपा और विपक्ष के पास अभी विधायकों की संख्या बराबर है, लेकिन विपक्ष को इस चुनाव में क्रॉस वोटिंग का डर है। इसकी वजह यह है कि तोशाम से विधायक किरण चौधरी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं, लेकिन विधानसभा रिकॉर्ड के अनुसार वह अभी कांग्रेस की विधायक हैं।

हालांकि कांग्रेस की ओर से उनकी सदस्यता रद्द करने के लिए दल बदल कानून के तहत स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता के यहां एक याचिका लगाई गई है, लेकिन अभी तक इस याचिका का निस्तारण नहीं किया जा सका है।

हरियाणा में राज्यसभा के लिए 5 सीट हैं। कांग्रेस के दीपेंद्र हुड्‌डा के लोकसभा सांसद बनने के बाद राज्यसभा सीट खाली हुई थी। दीपेंद्र हुड्डा का राज्यसभा का कार्यकाल अप्रैल 2026 तक था। चूंकि उनका शेष कार्यकाल एक वर्ष से अधिक है, इसलिए भारतीय निर्वाचन आयोग इस सीट पर उपचुनाव करा रहा है।

ECI की ओर से उप चुनाव के लिए तैयारी पूरी कर ली गई हैं। उप चुनाव कराने के लिए आईएएस साकेत कुमार को रिटर्निंग (RO) नियुक्त किया गया है। 21 अगस्त नामांकन की लास्ट डेट रखी गई है, 27 अगस्त को प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। 3 सितंबर को वोटिंग होगी। 3 सितंबर को राज्यसभा सीट के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटिंग सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। 8 घंटे वोटिंग के बाद उसी दिन रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।

अगर चुनाव में क्रॉस वोटिंग हुई तो भाजपा जीत सकती है। जजपा के 2 विधायक जोगीराम सिहाग और रामनिवास सुरजाखेड़ा ने खुलकर लोकसभा चुनाव में भाजपा की मदद की। चुनाव के बाद वे सीएम नायब सैनी से भी मिले। राज्यसभा चुनाव में भाजपा को उनसे समर्थन की उम्मीद रहेगी।

इसके अलावा पूर्व सीएम और अब केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर भी कई बार कह चुके हैं कि कांग्रेस के विधायक ही एकजुट नहीं हैं। वहीं कांग्रेस विधायकों में भी गुटबाजी है। ऐसे में भाजपा को कांग्रेस से भी क्रॉस वोटिंग का भरोसा रहेगा।

Exit mobile version