Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में निकाय चुनावों का नामांकन कल से: भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा बाकी, निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रचार जोरों पर

रोहतक में नगर निगम चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी है। मेयर व पार्षद पद के लिए कल से यानी 11 फरवरी से नामांकन शुरू हो जाएंगे, लेकिन अभी तक कांग्रेस व भाजपा ने मेयर व पार्षद पद के प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी ने बैठक की और जिला कोर कमेटी द्वारा भेजे गए पैनल के नामों पर चर्चा की। लेकिन नामों की घोषणा कब होगी, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। वहीं, कांग्रेस में भी मेयर पद के लिए अभी तक कोई प्रत्याशी खुलकर सामने नहीं आया है।

नगर निगम चुनाव और कलानौर नगर परिषद चुनाव के लिए 11 से 17 फरवरी तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 12 और 16 फरवरी को कोई नामांकन नहीं होगा। 18 फरवरी को सुबह साढ़े 11 बजे तक नामांकनों की जांच, 19 फरवरी को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापिस का समय रहेगा।प्रशासन की तरफ से 22 वार्डों में 268 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। नगर निगम और नगर परिषद के लिए 2 मार्च को मतदान होगा और 12 मार्च को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।

नगर पार्षद पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशियों ने प्रचार शुरू कर दिया है। वार्डों में फ्लेक्स लगा दिए गए हैं, वहीं वार्डों में ई-रिक्शा भी दौड़ाए जा रहे हैं। वे घर-घर जाकर लोगों से अपील भी कर रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी पूरी ताकत से चुनाव मैदान में कूद पड़े हैं।

नगर निगम क्षेत्र में 3 लाख 19 हजार मतदाता हैं। इनमें एक लाख 65 हजार पुरुष व एक लाख 53 हजार महिला मतदाता है, जो 2 मार्च को 22 वार्डों में पार्षदों व मेयर के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव आयोग भी नगर निगम चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।

Exit mobile version