Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में अभी तक मेयर के लिए नहीं हुआ कोई आवेदन:6 निर्दलीय पार्षद उम्मीदवारों ने किया नामांकन, 17 तक किए जाएंगे जमा

रोहतक जिले में नगर निगम मेयर पद के लिए अभी तक कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ है। मेयर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। लेकिन अभी तक दोनों ही पार्टियों की तरफ से कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतरा है।

निर्वाचन अधिकारी मेजर गायत्री अहलावत ने बताया कि मेयर पद के लिए अभी तक कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। नगर निगम पार्षद के पदों के लिए 5 वार्डों के लिए 6 निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र प्राप्त हुए है। इनमें वार्ड नंबर 7 से इंकितपाल तथा नरिंद्र, वार्ड 9 से बिजेंद्र, वार्ड नंबर 11 से मंजीत, वार्ड संख्या 20 से हनुमान और वार्ड नंबर 22 से संगीता ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन पत्र भरा है।

मेयर चुनाव के लिए मेजर गायत्री अहलावत को निर्वाचन अधिकारी लगाया गया है। नगर निगम के सदस्यों के लिए नियुक्त सहायक रिटर्निंग अधिकारियों में संशोधन करते हुए वार्ड संख्या 2, 4, 5 और 10 के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की संपदा अधिकारी श्वेता सुहाग को रिटर्निंग अधिकार बनाया गया है।

प्रशासन की तरफ से वार्ड संख्या 16, 19 और 20 के लिए हरियाणा राज्य परिवहन के महाप्रबंधक विपिन कुमार, वार्ड संख्या 6, 7, 8 और 18 के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (सब अर्बन डिवीजन दो) के कार्यकारी अभियंता गगन पांडे, वार्ड संख्या 1, 3, 12 और 17 के लिए सिंचाई विभाग की मैकेनिकल डिवीजन के कार्यकारी अभियंता राजेश भारद्वाज को नियुक्त किया।

वहीं, वार्ड संख्या 13, 14 और 15 के लिए लोक निर्माण विभाग डिवीजन 4 के कार्यकारी अभियंता विजय दलाल तथा वार्ड संख्या 9, 11, 21 और 22 के लिए कार्यकारी अभियंता अंशुल कादियान को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Exit mobile version