Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सिंघु बॉर्डर हत्या मामले में निहंगों ने बोला झूठ: हत्या मामले में जो तलवार पुलिस को सौंपी गई, उससे नहीं हुआ था लखबीर का कत्ल

सिंघु बॉर्डर पर 2 दिन पहले हुई लखबीर सिंह की हत्या के केस में सरेंडर करने वाले चारों निहंगों से पुलिस अलग-अलग पूछताछ कर रही है। शुक्रवार शाम को सरबजीत सिंह के सरेंडर के दौरान निहंगों के डेरे में पुलिस को एक तलवार दी गई थी। पुलिस को बताया गया था कि उसी तलवार से लखबीर की हत्या की गई थी।फॉरेंसिक टीमों ने जब उस तलवार की जांच की तो स्पष्ट हो गया कि लखबीर काे उससे नहीं मारा गया। 

ऐसे में लखबीर के हाथ-पैर काटने समेत उसके शरीर पर जिन हथियारों से वार किए गए, उनकी रिकवरी अभी बाकी है। इसके लिए पुलिस की टीम फिर से सिंघु बॉर्डर पर निहंगों के डेरे में जा सकती है।

नारायण सिंह और शनिवार रात सिंघु बॉर्डर पर सरेंडर करने वाले दो अन्य निहंगों भगवंत सिंह और गोबिंदप्रीत सिंह को रविवार को एक साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट किमी सिंगला की कोर्ट में पेश किया गया। लगभग घंटे भर चली सुनवाई के बाद अदालत ने तीनों को 6 दिन के पुलिस पर भेज दिया। शुक्रवार शाम को सरेंडर करने वाले निहंग सरबजीत सिंह को पहले ही 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया जा चुका है।

पुलिस सरेंडर करने वाले चारों निहंगों से पूछताछ कर यह जानना चाह रही है कि इस हत्या में उनके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। चारों से अलग-अलग पूछताछ में जो जानकारियां मिलेंगी, उसे क्रॉस वैरिफाई करने के लिए बाद में चारों को आमने-सामने बैठाकर भी सवाल जवाब किए जाएंगे। पुलिस हत्या का सीन रिक्रिएट करने के लिए चारों निहंगों को सिंघु बॉर्डर पर भी ले जाएगी।

Exit mobile version