Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में NIA की रेड, 4 घंटे घर-कागजात खंगाले:​बेनामी प्रॉपर्टी-हवाला कारोबार का शक

सोनीपत में शुक्रवार सुबह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम ने दो गांवों के दो घरों पर रेड की। सुबह 4 बजे शुरू हुई छानबीन करीब साढ़े 9 बजे पूरी हुई। जिन दो घरों पर NIA की रेड हुई है, उसमें एक मकान गांव के पूर्व सरपंच का है। छापेमारी से ग्रामीणों में भी हड़कंप मचा रहा। दोनों घरों के दरवाजे बंद कर सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे, ताकि न कोई अंदर जा पाए और न ही बाहर निकल सके।

साढ़े 9 बजे के करीब टीमें वापस रवाना हुईं तो ग्रामीण इन घरों के आगे पहुंच गए। परिजनों से बात कर छापेमारी की जानकारी लेनी चाही, लेकिन किसी परिजन ने NIA रेड को लेकर कुछ नहीं बताया। यह मामला बेनामी प्रॉपर्टी और हवाला लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है।

NIA सूत्रों से जुड़ी जानकारी के मुताबिक दोनों के घरों से संपत्ति से जुड़े कुछ डॉक्यूमेंट्स मिले हैं। अब इनकी जांच करके टीमें इसका पता लगाएंगी कि संपत्ति वैध है या अवैध। हालांकि हवाला के जरिए भी रुपए के लेन-देन की बात सामने आई है। इसको लेकर टीम ने दोनों के घरों में परिजनों से भी पूछताछ की।

सूत्रों से ये भी खबर आ रही है कि सोनीपत और आसपास के इलाकों में अलग-अलग गैंग द्वारा व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आए हैं। गिरोह के सदस्य अपने परिचितों के खातों में पैसे ट्रांसफर करवाते थे। वहीं हवाला के तौर पर भी खातों में पैसे ट्रांसफर होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल इस मामले में औपचारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Exit mobile version