रोहतक के आर्य नगर में एक नवविवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर दी। सूचना पाकर आर्य नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मौके पर एफएसएल एक्सपर्ट को भी बुलाया गया। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।
मृतका की पहचान संजीता पत्नी नजमुद्दीन निवासी कोलकाता हाल आर्य नगर के रूप में हुई। मृतका की शादी जून में नजमुद्दीन के साथ हुई थी और 24 अक्टूबर को ही पति के साथ रहने के लिए आर्य नगर पहुंची थी। यहां किराए के मकान में दोनों पति पत्नी रहते थे। सुबह अचानक संजीता ने फंदा लगाकर आत्महत्या की।
मकान में रहने वाले लोगों ने बताया कि सुबह करीब साढे 8 बजे संजीता का पति नजमुद्दीन काम के लिए घर से निकला था। इसके बाद जब वह संजीता को नीचे बुलाने के लिए गए तो संजीता ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद संजीता के पति नजमुद्दीन को फोन करके सूचना दी।
नजमुद्दीन जब घर पहुंचा और कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह अंदर से बंद था। नजमुद्दीन ने दरवाजा तोड़ दिया, जिसके बाद अंदर देखा तो संजीता पंखे पर फांसी का फंदा लगाकर लटकी हुई थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
आर्य नगर थाना एसएचओ बिजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें महिला के सुसाइड करने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया। पुलिस मृतका के पति की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।

