Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

प्रदेश भर में नहीं मनाया जायेगा न्यू ईयर का जश्न- आज विशेष अभियान पर रहेगी हरियाणा पुलिस; घर से बाहर निकले तो होगी कड़ी कार्रवाई

आज 2021 का आखिरी दिन यानि 31 दिसंबर है। आमतौर पर देश भर में इस दिन जश्न मनाया जाता है लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलो के मद्देनज़र केंद्र सरकार ने नए साल 2022 का जश्न मनाने पर पाबंदी लगा रखी है। इसलिए हरियाणा के रेवाड़ी शहर की पुलिस ने आज होने वाले जश्न और नशा कर हुड़दंग करने वाले लोगों के खिलाफ एक्शन प्लान तैयार किया है। आज पुलिस विशेष अभियान पर रहेगी। SP राजेश कुमार ने पुलिस अधिकारियों और थाना व चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में गश्त करके हुड़दंगियों पर नजर रखने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ASP पूनम दलाल को ओवरआल इंचार्ज नियुक्त किया गया है।

एसपी राजेश कुमार के आदेश पर पुलिस ने जिले में 30 स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट बनाए हैं। एसपी ने जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को 31 दिसंबर व 1 जनवरी देर रात तक अभियान चलाने के लिए निर्देश दिए हैं। बाजार, शॉपिंग मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रिजॉर्ट, होटलों आदि के आसपास पैदल, पीसीआर व राइडर पुलिस द्वारा गश्त की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम रहेंगे और हुड़दंग करने वालों की धरपकड़ की जाएगी। ढाबों, होटलों, धर्मशालाओं, रिजॉर्ट, सराय, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन आदि पर पुलिस की टीमें जांच करेंगी। नववर्ष की पूर्व संख्या पर अवैध रूप से शराब बेचने, शराब पीकर हुड़दंग मचाने, जुआ खेलने, सट्टा खाईवाली करने व आतिशबाजी करके पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों पर नकेल कसने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा अभियान के तहत 25 दिसंबर से 5 जनवरी 2022 तक लागू किए गए नाइट क‌र्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस कानूनी कार्रवाई करेगी। प्रदेश सरकार ने रात्रि 11 बजे से तड़के 5 बजे तक नाइट क‌र्फ्यू घोषित किया हुआ है। नाइट क‌र्फ्यू के तहत कोविड-19 के नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कार्रवाई करेगी। सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क के घूमने वाले लोगों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। एसपी ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को कोविड नियमों की पालना करवाने के भी निर्देश दिए हैं।

एसपी राजेश कुमार ने कहा कि नया साल सभी के जीवन में उमंग और खुशियां लेकर आए। नववर्ष पर हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।

Exit mobile version