Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक से छात्रा किडनैपिंग मामले में नया मोड़: मास्टर माइंड अंशुल की वीडियो वायरल– प्रेम प्रसंग का मामला, आरोपित लड़के ने लड़की के पिता पर लगाए संगीन आरोप

रोहतक स्थित महारानी किशोरी देवी कॉलेज के गेट से चरखी दादरी की छात्रा के अपहरण मामले में नया खुलासा हुआ है। किडनैपिंग के मुख्य आरोपी अंशुल चहल ने वीडियो जारी किया है। जिसमें उसने दावा किया कि छात्रा उसके साथ शादी के लिए राजी थी। अब उस पर पिता का दबाव है। इस वजह से वह मुकर रही है। उसने छात्रा के पिता को शादी के लिए राजी करने का भी प्रयास किया था। मगर वह नहीं माने।

अंशुल ने कहा कि छात्रा उसकी गर्लफ्रेंड है। उसने व उसके परिवार वालों ने शादी के लिए उक्त छात्रा के पिता से भी बात की। छात्रा के पिता को शादी के लिए फोन पर व मिलकर मनाने का प्रयास किया। लेकिन वे नहीं माने।

अंशुल ने कहा कि उक्त छात्रा पहले भी शादी के लिए राजी थी और अब भी राजी है। लेकिन छात्रा के पिता धमकी दी थी कि कुछ भी किया तो अच्छा नहीं होगा। साथ ही छात्रा के पिता ने अंशुल को भी धमकी दी थी कि वह दोनों की शादी नहीं कराएंगे। चाहे इसके लिए दोनों की हत्या ही क्यों ना करनी पड़े। किसी भी हाल में शादी नहीं हो सकती।

अंशुल ने कहा कि शादी के लिए मैंने कई बार हाथ-पैर जोड़े, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। पिछले करीब 4 माह से प्रयास कर रहे हैं। छात्रा पर भी बहुत ज्यादा दबाव है। लड़की की भी कोई गलती नहीं है। अगर उसके परिवार वाले मान जाएं तो शादी करके दोनों खुश रह सकते हैं, लेकिन जाति के कारण यह शादी से छात्रा के परिवार वाले मना कर रहे हैं।

अंशुल ने कहा कि वह छात्रा के साथ पिछले करीब डेढ़-दो साल से रिलेशन में था। यह पूरी बात छात्रा के पिता को भी बता दी थी। जिस पर छात्रा के पिता ने भी मिलकर बात करने की कही थी। वह मिला लेकिन छात्रा के पिता ने शादी से बिल्कुल ही मना कर दिया। अंशुल के पिता ने भी शादी के लिए लड़की वालों से बात करने का प्रयास किया।

अंशुल ने कहा कि दिवाली के नजदीक छात्रा ने उसे मैसेज भी किए थे। जिनमें छात्रा ने कहा था कि वह अंशुल के बिना नहीं रहा सकती। अंशुल न मिला तो वह मर जाएगी या परिवार वाले मार देंगे। अगर वह ले जा सकता है तो उसे ले जाए। इसके बाद लड़की के मैसेज भी नहीं आए।

अंशुल ने कहा कि 16 दिसंबर को छात्रा का पेपर था। उस दिन वह कॉलेज में गया और उसके पास एक गन थी। उसके दोस्त भी साथ थे। उन्होंने कोर्ट में जाकर शादी करने का प्लान बनाया था। इसलिए उसने छात्रा का आधार कार्ड भी मंगवाया था। इसका छात्रा को पहले से ही पता भी था। कागज भी 2 दिन पहले तैयार करवा रखे थे।

उसने कहा कि वे करनाल के कोर्ट में शादी करने की तैयारी में थे। वहां पर पुलिस आ गई। पुलिस का पहले ही भय था, इसलिए वे भागकर वहां से चले गए। इसके बाद अंशुल व अमन की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद वह कार से उतर गया। कोर्ट मैरिज भी नहीं हो पाई। उसने छात्रा के साथ कोई भी गलत काम नहीं किया।

सिविल लाइन थाना प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया कि छात्रा अपहरण मामले में देव व अमन को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी अंशुल व दो अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। इसके लिए गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों को 2 दिन के रिमांड पर भी लिया गया है।

2 आरोपी गिरफ्त में

यह था पूरा मामला चरखी दादरी जिले के एक गांव निवासी छात्रा रोहतक के महारानी किशोरी देवी कॉलेज में 16 दिसंबर को पेपर देने के लिए आई थी। इसी दौरान कार सवार तीन युवकों ने उसका पिस्तौल के बल पर अपहरण कर लिया। वहीं इस वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश की। गिरफ्तारी नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन भी किया। जिसके बाद छात्रा को बरामद करके दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version