Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

एचएसआईआईडीसी के 132 केवी पावर हाउस में 6 माह से नया पावर ट्रांसफार्मर बंद, बढ़ता लोड बना परेशानी का कारण

रोहतक। एचएसआईडीसी 132 केवी पावर हाउस में एक नया पावर ट्रांसफार्मर पिछले 6 माह से भी ज्यादा समय से चालू नहीं होने के कारण हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। इसके चलते 33 केवी बहु जमालपुर की सप्लाई 132 केवी खोखराकोट से चलाने की नौबत आ रही है।

एचएसआईडीसी 132 केवी पावर हाउस से चलने वाले आईडीसी ओल्ड पावर हाउस पर भी क्षमता से अधिक करीब 350 एम्पीयर लोड चल रहा है। इसके कारण 33 केवी आईडीसी ओल्ड का तार या जम्पर गाहे-बगाहे टूट जाता है। इस औद्योगिक क्षेत्र के पावर हाउस से ही आसपास की सैनिक कॉलोनी, शास्त्री नगर आदि घरेलू क्षेत्र भी प्रभावित होते हैं, जिनकी सप्लाई सबसे पहले काट दी जाती है।

यही हालात आईएमटी नियर खेड़ी साध के भी हैं। यहां का 33 केवी पावर हाउस अपनी पूरी क्षमता पर चल रहा है तथा 132 केवी आईएमटी में रखे नए पावर ट्रांसफार्मर से सप्लाई चालू नहीं होने के कारण अघोषित पावर कट लगाए जा रहे हैं। वहीं 33 केवी खरावड़ से भी बहुत से औद्योगिक क्षेत्रों को सप्लाई की जाती है, लेकिन वहां भी यही हालात बने हुए हैं। खरावड़ से कृषि तथा घरेलू 11 केवी फीडरों को भी सप्लाई दी जाती है।ऐसे में जब औद्योगिक क्षेत्र के पावर हाउसों के ही यह हालात हैं, तो सामान्य तथा ग्रामीण एरिया की बिजली सप्लाई का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। नए पावर ट्रांसफार्मरों के चालू नहीं होने और मौजूदा पावर हाउसों पर क्षमता से अधिक लोड के चलते बिजली व्यवस्था पर लगातार दबाव बना हुआ है।

Exit mobile version