हरियाणा सरकार ने 15 अगस्त को ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए तीसरी संशोधित सूची जारी की है। नई सूची में कैबिनेट मंत्री अनिल विज को यमुनानगर जिले में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पहले उन्हें अंबाला में गवर्नर असीम घोष के साथ कार्यक्रम में शामिल होना था।
विरोध के चलते यह बदलाव किया गया। इसी तरह, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को अब सोनीपत जिले में और विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्डा को करनाल जिले में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट एडवोकेट और प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार ने दूसरी लिस्ट पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि इस बार मौजूदा प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री के बाद सबसे सीनियर कैबिनेट मंत्री अनिल विज राज्य के किसी जिला मुख्यालय पर स्वयं ध्वजारोहण न कर बल्कि अपने गृह जिले अंबाला में राज्यपाल के साथ ही स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
हरियाणा के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा कि राज्यपाल के ध्वजारोहण समारोह में राज्य सरकार का एक कैबिनेट मंत्री उनकी अगवानी और मेजबानी करेगा। जबकि इससे पूर्व राज्यपाल के ध्वजारोहण कार्यक्रम में संबंधित जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ही ऐसी भूमिका अदा करते है।
हरियाणा में कई सालों से 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस एवं 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाने के जारी होने वाले लेटरों में राज्यपाल और मुख्यमंत्री के ध्वजारोहण करने के कार्यक्रमों को राज्य स्तरीय समारोह के तौर पर उल्लेख नहीं किया जाता है। इस साल भी जारी लिस्ट में प्रदेश स्तरीय समारोह का उल्लेख नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री के रोहतक जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण के समारोह को राज्य स्तरीय समारोह नहीं दर्शाया गया है।
पड़ोसी राज्य पंजाब में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा फरीदकोट जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण को पंजाब सरकार द्वारा जारी पत्र में प्रदेश स्तरीय समारोह दर्शाया गया गया है।



