Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा बीजेपी में न्यू जॉइनिंग के लिए अनोखी शर्त: मोहन लाल बड़ौली बोले- पहले दो साल तक पार्टी में करना होगा काम; फिर..

दरअसल, हरियाणा लोकसभा और विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने और दूसरे कारणों से कई बीजेपी के नेताओं ने बागी तेवर अपना लिए थे। इसके साथ ही वे नेता चुनाव में पार्टी विरोधी काम भी किए थे, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था। उस समय पार्टी की ओर से नई जॉइनिंग और बागियों की वापसी पर पूरी तरह से ब्रेक लगा दिया गया था।यह भी कहा गया था कि अब उनकी वापसी पार्टी में नहीं होगी। हालांकि अब बीजेपी की ओर से नई जॉइनिंग के रास्ते तो खुल गए हैं, लेकिन बागियों को लेकर कोई फैसला नहीं किया गया है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के बीच BJP ने 8 नेताओं को पार्टी से निकाल दिया था। ये सभी बगावत कर पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़े थे। हरियाणा BJP की ओर से जिन 8 बागियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, उनमें नायब सैनी के ऊर्जा मंत्री रहे रणजीत सिंह चौटाला, गन्नौर विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे देवेंद्र कादियान, लाडवा से संदीप गर्ग, असंध से जिलेराम शर्मा, सफीदों से बच्चन सिंह आर्य, महम से राधा अहलावत, गुरुग्राम से नवीन गोयल और हथीन से केहर सिंह रावत का नाम शामिल था। इन सभी को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला गया है।

विधानसभा चुनाव के बाद अब फिर से हरियाणा बीजेपी में नई जॉइनिंग के रास्ते खुल गए हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने ऐसे संकेत दिए हैं। हालांकि उन्होंने इसके लिए एक शर्त पर भी रख दी है। उन्होंने कहा है कि हमारे यहां राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर संगठन के चुनाव होने हैं। इसको देखते हुए नई जॉइनिंग पर रोक लगी हुई थी, लेकिन अब कुछ काम की दृष्टि से नई जॉइनिंग के रास्ते खोले हैं। जो साथी बीजेपी में आने की सोच रहे हैं, उनको हमने स्पष्ट किया है कि दो साल तक उन्हें पार्टी का काम करना होगा। किसी भी लाभ के पद की इच्छा न रखें। पहले वह भारतीय जनता पार्टी के लिए कुछ काम करें, उसके बाद उनके बारे में कुछ सोचा जाएगा।

Exit mobile version