परिवार को जान से मारने की धमकी दे डाली। भतीजे ने कॉल कर कहा कि चाचा ने आत्महत्या कर ली है, अब तुम्हें भी नहीं छोड़ेंगे, गोली मार देंगे। महिला के चचेरे भाई ने आरोपी के खिलाफ थाना आईएमटी में केस दर्ज कराया है।
रोहतक के गांव बलियाणा निवासी विवेक कुमार ने पुलिस को बताया है कि उसकी चचेरी बहन रजनी की शादी चार साल पहले दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में सुनील के साथ हुई थी। एक साल पहले मनमुटाव होने के बाद रजनी मायके में ही रह रही थी। मनमुटाव को दूर करने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं बनी। गुरुवार को सुनील ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद उसके भतीजे कालू उर्फ नवदीप ने फोन करके धमकी दी व गाली-गलौज की। उसने कहा कि चाचा सुनील ने आत्महत्या कर ली है, अब तुम्हें भी नहीं छोड़ेंगे। पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
मामले में आरोपी नवदीप के पिता ने बताया कि चाचा की मौत के बाद बेटा बेहद गुस्से में था तो उसने आक्रोश में आकर यह बातें कही हैं। महिला व उसके परिजनों के रवैये के चलते ही भाई ने आत्महत्या की है। उसकी मंशा किसी भी तरह की हिंसा फैलाना नहीं है।

