रोहतक के गांव जिंदराण कला निवासी प्राइवेट बस चालक के साथ 30 हजार की ठगी का एक मामला सामने आया है। पीड़ित से मिली जानकारी के अनुसार उसे न तो कोई OTP आया और न ही कोई मैसेज, लेकिन खाते में मौजूद 30 हजार से अधिक रुपए कट गए।
पीड़ित सूरजमल को जब धोखाधड़ी का पता लगा तो वह बैंक में पहुंचा। ताकि इस धोखाधड़ी के बारे में पता लगाया जा सके। वहीं बैंक कर्मियों ने इसकी शिकायत पुलिस को देने की सलाह दी। जिसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पीड़ित ने कहा कि पुलिस द्वारा भी शिकायत देने के 4 दिन बाद FIR दर्ज की गई है।
सूरजमल ने बताया कि वह प्राइवेट बस चलाता है। उसके खाते में करीब 42 हजार रुपए थे। उसके खाते से 5 हजार रुपए कटने का एक मैसेज मिला। जब वह बैंक में गया और बैलेंस पता किया तो पाया कि उसके खाते में केवल 12 हजार रुपए ही बचे हुए हैं। 30 हजार रुपए किसी ने निकाल लिए। इसके बाद बचे हुए 12 हजार रुपए उसने अपने दूसरे खाते में डाल लिए, ताकि ये रुपए सुरक्षित कर सके।
पीड़ित ने बताया कि उसके खाते से 4 दिसंबर को 10 हजार रुपए निकाले गए। वहीं 5 दिसंबर को उसके खाते से 2 बार में 20 हजार रुपए निकाले। जब बैंक में पता किया तो बैंक वालों का कहना था कि आधार कार्ड से पैसे निकाले गए हैं। जबकि पीड़ित ने कहा कि बिना अंगूठे के पैसे कैसे निकाले।
सूरजमल ने बताया कि जब उसे ठगी का पता लगा तो उसने अपने खाते से 12 हजार रुपए निकाल लिए, लेकिन 22 रुपए शेष बचे हुए थे। बाद में अकाउंट बैलेंस देखा तो अब उसे शून्य दिखा रहा है। ठगों ने उसके बचे हुए 22 रुपए भी निकाल लिए। इधर, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज करके जांच कर रही है।
