रोहतक की जेपी कॉलोनी में रहने वाले दुकानदार राजेंद्र पुत्र रुपचंद पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला किया। घायल राजेंद्र को परिजनों ने तुरंत पीजीआई में भर्ती कराया। घटना की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घायल राजेंद्र ने बताया कि वह अपने घर के सामने किराना की दुकान चलाते हैं। शाम को पड़ोस में रहने वाले अमन और उसके पिता इंदल सामान लौटाने आए। जब राजेंद्र ने सही सामान लौटाने से इनकार किया, तो दोनों पिता-पुत्र ने गालियां दीं और धमकी देकर चले गए। इसके बाद उन्होंने उन पर हमला कर दिया।
राजेंद्र ने बताया कि आरोपी इंदल अपने हाथ में डंडा, विरेंदर गंडासी, सुमित छुरी, अमन डंडा, विनोद, श्याम, राज, सोना व उनके पति हथियार लेकर दुकान में आए और मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उनके अलावा काला देवी व ब्रह्म के साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने मारपीट के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
राजेंद्र ने बताया कि परिवार के लोगों ने तीनों को घायल अवस्था में पीजीआई के ट्रोमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज किया गया। वहीं परिजनों ने मामले की सूचना सिटी थाना पुलिस को दी। सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिटी थाना के जांच अधिकारी एएसआई संदीप ने बताया कि एक व्यक्ति के साथ मारपीट की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल राजेंद्र की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द आरोपियों को काबू कर पूछताछ करेगी।
