Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शिकायतों के निपटारे में लापरवाही नहीं चलेगी! DC सतबीर सिंह सख्त, फोटो और एक्शन टेकन रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश

रोहतक, 20 नवंबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निपटान करने के बाद संबंधित कार्रवाई की फोटो तथा एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी के साथ पोर्टल पर अपलोड की जाए। शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए।
सतबीर सिंह आज स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर, सीएम विंडो तथा एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निपटान की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी विभिन्न प्लेटफार्म पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान करें। शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उसका संतोषजनक समाधान किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी नियमित रूप से अपडेट रखें। इन अकाउंट्स पर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों, बैठकों तथा विभागीय गतिविधियों से संबंधित जानकारी साझा की जाए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी मिल सके और वे इनका लाभ उठा सकें।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से लंबित शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उनके निपटान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग की शिकायत ओवरड्यू नहीं होनी चाहिए। अधिकारी लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान दें तथा उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी समाधान शिविर एवं अन्य प्लेटफार्म पर प्राप्त शिकायतों के निपटान की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में नगराधीश शुभम, पुलिस उपाधीक्षक राजेश, सिविल सर्जन डॉ कमला वर्मा, परिवहन महाप्रबंधक नवीन कुमार, सीएमजीजीए तनुमय दत्ता, कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार, राजीव राठी, तहसीलदार यशपाल, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी इनके अलावा भाजपा के प्रतिनिधि सतीश चौधरी उपस्थित रहे।

Exit mobile version