Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

NEET-UG पुनः परीक्षा 21 जून को होगी आयोजित: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

नई दिल्ली।राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG की नई तारीख घोषित कर दी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि NEET-UG की पुनः परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी। पेपर लीक के आरोपों और छात्रों के विरोध के बाद केंद्र सरकार ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों की मेहनत, पारदर्शिता और उनके भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी योग्य छात्र के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता छात्र और उनका भविष्य है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के अधिकार सुरक्षित रहें।

शिक्षा मंत्री ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि NEET-UG परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। इसके बाद 7 मई तक NTA की शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से कई आपत्तियां सामने आईं। शिकायतों में दावा किया गया था कि कथित ‘गेस पेपर’ में दिए गए कुछ प्रश्न मुख्य प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं।

उन्होंने बताया कि शिकायतें मिलते ही NTA, उच्च शिक्षा विभाग और केंद्र सरकार ने तुरंत प्रारंभिक जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया। साथ ही उन राज्यों की जांच एजेंसियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया, जहां से शिकायतें सामने आई थीं।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि 8 मई से 11 मई तक चली विस्तृत जांच के दौरान एजेंसियों को स्पष्ट संकेत मिले कि ‘गेस पेपर’ की आड़ में वास्तव में पेपर लीक हुआ था। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद 12 मई को सरकार ने छात्रों के हित में सख्त निर्णय लिया। उन्होंने कहा, “हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि शिक्षा माफियाओं की किसी भी साजिश या अनुचित साधनों के कारण कोई भी योग्य छात्र अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

सरकार के इस फैसले के बाद अब देशभर के लाखों छात्र 21 जून को आयोजित होने वाली पुनः परीक्षा की तैयारी में जुटेंगे।

Exit mobile version