Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

एनडीटीवी के वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान की हार्ट अटैक से मौत- एक दिन पहले देर रात तक की थी रिपोर्टिंग

लखनऊ में NDTV के वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। लखनऊ की बटलर पैलेस कॉलोनी में रहने वाले खान लंबे समय से टीवी पत्रकारिता में थे। उन्होंने देर रात तक रिपोर्टिंग की। गुरुवार शाम के 7 बजे और रात 9 बजे के प्राइम टाइम में उनकी खबरें चली थीं। सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और थोड़ी देर बाद उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि हार्ट अटैक से उनका निधन हुआ। खान एनडीटीवी के एग्जीक्युटिव एडिटर थे। पत्रकारिता में शानदार योगदान के लिए उन्हें रामनाथ गोयनका और राष्ट्रपति के हाथों गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार मिला था। वह अपने पीछे पत्नी रुचि और बेटे अमन को छोड़ गए हैं।

एक ईमेल में एनडीटीवी ने सूचना दी, ”एनडीटीवी के लिए यह बेहद खराब दिन है। हमने कमाल खान को खो दिया है। वह 61 साल के थे और हमारे लखनऊ ब्यूरो की आत्मा थे। NDTV के एक दिग्गज के पास उनसे मिलने वालों के लिए असीम समय और अच्छे शब्द थे।” चैनल की ओर से कहा गया है कि वह एक अद्भुत इंसान थे। 

61 साल के कमाल बीते 3 दशकों से पत्रकारिता में थे। 22 साल से वे NDTV से जुड़े थे। लंबे समय तक प्रिंट मीडिया में रहने के बाद उन्होंने एनडीटीवी के साथ टीवी करियर की शुरुआत की और अंत तक चैनल के साथ जुड़े रहे। उनकी पत्नी रुचि भी लखनऊ में एक न्यूज चैनल ब्यूरो हेड हैं।पत्रकारों ने कहा कि कमाल खान का निधन बेहद कष्टप्रद है। उनका ना रहना पत्रकारिता जगत के लिए बहुत क्षति है। देर रात तक वो दायित्वों का निर्वहन करते रहे। सबसे वरिष्ठ होने के बाद भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग कभी नहीं छोड़ी। खबर पेश करने का उनका अंदाज देशभर में पत्रकारों को प्रेरित करता था। उन्हें कभी नहीं भूल पाएंगे।

Exit mobile version