Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नवीन जयहिंद की पानीपत कोर्ट में पेशी आज, 2018 में कावड़ यात्रा के दौरान हुआ था पुलिस से विवाद

हरियाणा आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके नवीन जयहिंद की 4 साल पुराने केस में सोमवार को पानीपत की कोर्ट में पेश हुई। नवीन को पुलिस गाड़ी में रोहतक से पानीपत लाया गया। इस दौरान कड़ी सुरक्षा रही। नवीन जयहिंद ने साल 2018 में नशे के खिलाफ भाईचारा कावड़ यात्रा निकाली थी। यह यात्रा रोहतक से हरिद्वार के लिए निकाली गई थी, जिसमें युवाओं ने भाग लिया था। यात्रा के समापन पर शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए आम आदमी पार्टी के समन्‍वयक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी रोहतक पहुंचे थे।

इस यात्रा के दौरान पानीपत पुलिस ने गाड़ियों की जांच की। पुलिस ने इस संदेह पर तलाशी ली थी कि गाड़ियों में हथियार हो सकते हैं, लेकिन पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला। गाड़ियों की जांच के बाद पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। इन लोगों को नवीन जयहिंद ने छुड़वा लिया था। इस दौरान जयहिंद और पुलिस के बीच खासा विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने दावा किया कि कावड़ यात्रा के काफिले में शामिल गाड़ी का नंबर फर्जी है।

नवीन जयहिंद ने गाड़ी का नंबर ट्रांसफर करने समेत सभी दस्तावेज पानीपत के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश भी कर दिए थे, लेकिन पानीपत पुलिस ने नवीन जयहिंद समेत पांच अन्यों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 186, 332, 353, 417,420, 468, 471 के तहत मामला दर्ज किया था। नवीन जयहिंद को इसी मामले में पेश किया गया। जयहिंद का दावा है कि उस समय पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को रफा-दफा भी कर दिया था।

Exit mobile version