रोहतक में नवीन जयहिंद ने फेसबुक पर लाइव आकर संदीप सिंह द्वारा गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब पहलवानों ने WFI के अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न सहित अन्य आरोप लगाए तो सभी लोग उनके साथ खड़े थे। अब महिला कोच को भी न्याय दिलाएं
उन्होंने जंतर-मंतर पर धरना देने वाले पहवानों से भी आह्वान किया कि वे महिला कोच को न्याय दिलाने के साथ खड़े हों। पहलवानों के समर्थन में खिलाड़ी ही नहीं हर वर्ग आ गया था, लेकिन अब उन्हें चाहिए कि वे महिला कोच की आवाज उठाएं। उसने तो खेल मंत्री के खिलाफ FIR भी दर्ज करवाई हुई है।
नवीन जयहिंद खिलाड़ियों को बोले यह गलत बात है कि हमारे ऊपर बात आए तो हम खड़े हो जाएं, लेकिन जब दूसरे की बात आए तो हम आवाज तक ना उठाएं। खिलाड़ियों की तो एक बिरादरी होती है। इसलिए चाहे नीरज चोपड़ा हो, बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक हो या अन्य कोई खिलाड़ी, सभी का फर्ज बनता है।
नवीन जयहिंद ने कहा कि गांव निंदाना मुख्यमंत्री मनोहर लाल का गांव है, लेकिन वहां सुविधाओं का अभाव है। न तो बिजली है और न ही पीने का पानी। सड़कें भी टूटी हुई हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि गांव के हालात बहुत खराब है। अगर सीएम एक घंटा गांव में गुजार लें तो हालात का पता लग जाएगा। हरियाणा तो नहीं संभल रहा, लेकिन अपने गांव को तो संभाल ले।
उन्होंने कहा कि गांव के युवा बेरोजगार हैं। वह नशे की तरफ भी बढ़ रहे हैं। गांव निंदाना में गए तो पता चला कि युवा वर्ग नशे की जद में आ रहे हैं। बेरोजगारी व नशे के कारण अपराध भी बढ़ रहे हैं। जो युवा देश का भविष्य होते हैं, वे आज अपराध की तरफ बढ़ रहे हैं।
नवीन जयहिंद ने कहा कि मंत्री संदीप सिंह से खेल मंत्रालय तो ले लिया, लेकिन उससे गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराया जा रहा है। खापें भी इसका विरोध कर चुकी हैं। इसलिए संदीप सिंह 26 जनवरी को झंडा ना फहरवाएं। क्योंकि संदीप सिंह पर महिला कोच द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर है।
उन्होंने कहा कि महिला कोच ने जो आरोप लगाए हैं वे सही है या गलत, यह तो नहीं कहा जा सकता। लेकिन इस मामले की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर संदीप सिंह झंडा फहरा रहे हैं तो जेलों में बंद आरोपियों से भी झंडा फहराना चाहिए। क्योंकि जेलों में भी अधिकतर लोग आरोपी हैं, उन पर भी आरोप ही लगे हैं। अभी वे दोषी करार नहीं दिए गए।
नवीन जयहिंद ने कहा कि यह हमारे लिए डूबकर मरने जैसा काम हो गया। क्योंकि जिस पर छेड़खानी के आरोप हैं और वह झंडा फहराएगा। पूरे हरियाणा का नाम बदनाम होगा। उन्होंने संदीप सिंह से भी कहा कि वे खुद भी झंडा फहराने ना आएं, क्योंकि इसका बच्चों में भी गलत असर जाएगा और खुद की बेइज्जती करवाएंगे।

