Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में नौतपा शुरू: मौसम विभाग ने 15 जिलों में लू अलर्ट किया जारी, अगले 9 दिन झुलसाएगी गर्मी; डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ा

हरियाणा में आज से नौतपा शुरू हो गया है; मौसम विभाग ने राज्य के 22 में से 15 जिलों में हीटवेव (लू) की चेतावनी दी है। इनमें हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह शामिल हैं।

इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है और यहां पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया है। राज्य के बाकी 7 जिलों में भी मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत शामिल है। इन जिलों में भी तापमान 44 से 45 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।हरियाणा में अगले 3 दिन गर्मी से कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। 25 मई यानी आज से हरियाणा में नौतपा भी शुरू हो चुका है। 26 और 27 मई को भी ऐसे ही हालात रहेंगे। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलेंगी। नौतपा के दौरान लगातार 9 दिन भीषण गर्मी पड़ती है। नौतपा तब होता है जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है। यह हर साल आता है। इस दौरान 9 दिनों तक सूर्य देव उग्र रूप में रहते हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। हरियाणा के हांसी में 22 मई को डिहाइड्रेशन से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत का मामला भी सामने आया था।शिक्षा विभाग ने स्कूलों में वाटर कूलर और RO लगाने के ऑर्डर जारी कर दिए हैं। मुख्यालय की ओर से जारी ऑर्डर में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को कहा गया है कि वह विभाग की आधिकारिक मेल ID पर इसकी जानकारी तुरंत भेजें। विभाग ने यह ऑर्डर लगातार पड़ रही गर्मी को देखते हुए लिया है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी की सबसे बड़ी वजह यह भी है कि यहां पिछले ढाई महीने में 31% कम बारिश हुई है।

4 जिले जींद, कुरुक्षेत्र, कैथल व करनाल में सामान्य से ज्यादा और अंबाला में सामान्य के आसपास बारिश हुई है।जबकि, 17 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। 20 मई तक प्रदेश में 35 MM बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 24.8 MM बारिश रिकॉर्ड हुई है। हरियाणा में मई में अब तक मात्र 4.2 MM ही बारिश हुई है, जबकि इस माह में 11.3 MM बारिश सामान्य मानी जाती है।

Exit mobile version