हरियाणा के रोहतक में आयोजित नेशनल स्कूली महिला क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। शिक्षा विभाग ने प्रतिभागी टीमों के ठहराव की व्यवस्था में बदलाव करते हुए उनके रहने की जगह को शिफ्ट कर दिया है। इसके साथ ही खिलाड़ियों के भोजन के लिए बनाए गए मैस को भी नई लोकेशन पर स्थानांतरित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह निर्णय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों को सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत टीमों को ऐसी जगह ठहराया जा रहा है, जहां उन्हें आवागमन, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं आसानी से मिल सकें।
टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों से आई स्कूली महिला क्रिकेट टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा और बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक का कहना है कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। जिन स्कूलों में खिलाड़ियों को परेशानी हो रही थी, उन खिलाड़ियों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया है। खिलाड़ियों के खाने व पीने का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। विभाग की टीम हर समय खिलाड़ियों के साथ मौजूद है।
