Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक से नेशनल बॉक्सर हुआ लापता: घर से स्कूटर ले कर निकला था, लौटा नहीं– कुछ समय से बॉक्सिंग में चीटिंग होने के चलते था परेशान

रोहतक के सुखपुरा चौक स्थित छोटूराम नगर का रहने वाला नेशनल बॉक्सर रजत कालीरमन उर्फ मोना के लापता होने का मामला सामने आया है। जो स्टेट व नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कई मेडल जीत चुका था। वह घर से स्कूटी लेकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

इसके बाद परिवार वालों ने उसे तलाशना आरंभ कर दिया। लेकिन कहीं पर भी कोई सुराग नहीं लगा। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके खोजबीन शुरू कर दी।

रोहतक के सुखपुरा चौक स्थित छोटूराम नगर निवासी दलेल सिंह ने पुरानी सब्जी मंडी थाना में बेटे के लापता होने की शिकायत दी है। शिकायत में बताया कि वह हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद से रिटायर्ड हैं। उसको चार बच्चे (3 बेटे व एक बेटी) हैं। 2 बेटे व एक बेटी शादीशुदा हैं।

वहीं उसका छोटा बेटा करीब 31 वर्षीय रजत कालीरमन उर्फ मोना 8 अप्रैल को करीब 1 बजे घर से बिना बताए स्कूटी पर सवार होकर चला गया। जो वापस नहीं लौटा।

दलेल सिंह ने बताया कि उसका बेटा रजत कालीरमन बॉक्सिंग खेलता था। जिसने नेशनल व स्टेट लेवल की बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कई मेडल जीते। उसका बेटा 91 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में खेलता था। जिसने 2009 में तमिलनाडु में आयोजित 42वीं यूथ नेशनल बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था।

वहीं 2012 में प्रथम आरएस यादव मेमोरियल सीनियर मैन बॉक्सिंग टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीता था।

वहीं उसके साथ चिटिंग होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। जिसका रोहतक पीजीआई में उपचार भी चल रहा था। उसके बेटे का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। पुरानी सब्जी मंडी थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक रजत कालीरमन का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस तलाश में जुटी है।

Exit mobile version