Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नारनौल: इनामी बदमाश का प्लास्टर पर सवाल, कोर्ट में उठाकर लाया गया, बाद में खुद चलता दिखा

हरियाणा के नारनौल में जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी बब्बू को लेकर सीआईए महेंद्रगढ़ की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, पांच दिन पहले जब पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया था, तब वह गंभीर रूप से घायल दिखाई दे रहा था। पुलिस की ओर से बताया गया था कि पहाड़ी से गिरने के कारण उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उस समय उसके पैर पर प्लास्टर भी चढ़ा हुआ था और उसे पुलिसकर्मियों के सहारे कोर्ट तक ले जाया गया था।

हालांकि, पांच दिन बाद अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए लाए जाने के दौरान आरोपी बिना किसी सहारे के सामान्य गति से चलता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद गिरफ्तारी और अस्पताल से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिन्हें लेकर लोग अलग-अलग तरह के सवाल उठा रहे हैं।

वहीं, अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ ने बताया कि आरोपी ने पैर में खुजली होने की शिकायत के चलते स्वयं ही प्लास्टर हटा दिया था। मामले को लेकर अलग-अलग दावे सामने आने के बीच फिलहाल पुलिस या प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।

वहीं, इस बारे में पुलिस प्रवक्ता नरेश यादव ने बताया कि बब्बू खायरा को कोई ज्यादा चोट नहीं लगी थी, उसे मामूली चोट लगी थी। डॉक्टरों ने ही प्लास्टर बांधने की सलाह दी थी। इसके बाद उसको प्लास्टर लगाया गया था।

उधर, जेल के सूत्रों के अनुसार बब्बू ने जेल में जाते ही प्लास्टर खुद ही हटा लिया था। इस पर जेल प्रशासन की ओर से उसको मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया था।

इस बारे में नागरिक अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर होशियार सिंह ने बताया कि मरीज बब्बू खायरा के मांस पेशियों की इंजरी थी, इसलिए उसके 20 दिन का प्लास्टर किया था। उसने प्लास्टर क्यों हटाया यह पूछने पर उसने कहा कि उसके पांव में खुजली होने लग गई थी, इसलिए उसने खुद ही प्लास्टर हटा दिया था।

उन्होंने बताया कि मरीज के हड्डियों में कोई चोट नहीं लगी हुई। अब उसके दोबारा गरम पट्टी वगैरा बांध दी हैं।

घायल हुए बदमाश बब्बू खायरा पर पूर्व में 25 मामले दर्ज हैं। इनमें मर्डर, फिरौती मांगने, हत्या के प्रयास जैसे केस शामिल हैं। जो महेंद्रगढ़ व नारनौल थाने में हैं।
नसीबपुर के पास इसने चीकू गैंग के विक्की डोहर पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद से यह फरार था। अब इस मामले में ही इसकी गिरफ्तारी हुई है। इसी मामले में पुलिस ने इसको 5000 रुपए का इनामी अपराधी घोषित किया हुआ था।

Exit mobile version