फुलेरा-रींगस-रेवाड़ी रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के कारण आंशिक रूप से रद्द की गई दिल्ली-रींगस एक्सप्रेस के चार फेरे पुनः बहाल कर दिए गए हैं।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा कुण्ड, पाली और खोरी स्टेशनों के बीच चल रहे नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक के कारण पूर्व में इन सेवाओं में अस्थायी बदलाव किया गया था, लेकिन परिचालन की समीक्षा के बाद यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 74041 दिल्ली-रींगस एक्सप्रेस 5 और 6 सितंबर को अपने निर्धारित समय और मार्ग पर संचालित होगी। इसके अलावा, गाड़ी संख्या 74042 रींगस-दिल्ली एक्सप्रेस 6 और 7 सितंबर को रींगस से दिल्ली के लिए नियमित रूप से पटरी पर दौड़ेगी। इस रेल सेवा के फिर से शुरू होने से दिल्ली, रेवाड़ी, नारनौल और रींगस के बीच आवागमन करने वाले दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा वर्ग और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह दोहरीकरण कार्य भविष्य में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए किया जा रहा है, और यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
