नारनौल। महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों से जुड़े मामले में अदालत से बरी होने के बाद भाजपा नेता और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को हरियाणा में पहली बार सार्वजनिक मंच से इस पूरे विवाद पर खुलकर टिप्पणी की।
उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह कैकेयी के कारण राजा राम की पहचान भगवान राम के रूप में हुई, उसी तरह महिला पहलवानों के आरोपों ने उन्हें भी पूरे देश में पहचान दिला दी। उन्होंने कहा, “इन्होंने मुझे उत्तर प्रदेश से निकालकर हरियाणा में भी हीरो बना दिया।”
बृजभूषण ने कहा कि वह महिला पहलवानों से नाराज नहीं हैं। मंच से उन्होंने दावा किया कि जिन पहलवानों का कभी विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मान होता था और लाखों रुपये मिलते थे, आज उनकी स्थिति बदल गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “पहले लाखों रुपये मिलते थे, अब चवन्नी का भी टोटा हो रहा है। अब इन्हें कोई बुलाता भी नहीं।”
